हवाई फायरिंग से शुरू हुआ विवाद, युवक की गोली मारकर हत्या; आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
रांची। रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र में 9 जुलाई को हुई रविन्द्र मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए फरार मुख्य आरोपी विकास मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं डीएसपी बेड़ो के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में विकास मुंडा ने बताया कि वह इलाके में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाना चाहता था। इसी दौरान रविन्द्र मुंडा ने उसे ऐसा करने से रोका, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर उसने रविन्द्र मुंडा पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल विकाश महतो और विजय मुंडा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। मामले की जांच अभी भी जारी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार विकास मुंडा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2017 में उसके खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था, जबकि 2023 में हत्या के एक अन्य मामले में भी वह आरोपी रह चुका है। घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर-220 और होंडा शाइन मोटरसाइकिल को पुलिस पहले ही जब्त कर चुकी है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है।






















Total Users : 1079861
Total views : 2882923