नेशनल ताइक्वांडो पदक विजेता रूपाली से जुड़ा प्रश्न पूछे जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर
मयूरहंड (चतरा)। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा में मयूरहंड प्रखंड के ढोढ़ी मधनिया की प्रतिभाशाली ताइक्वांडो खिलाड़ी रूपाली राज वर्मा से संबंधित प्रश्न पूछे जाने पर पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। इसे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ी उपलब्धि और सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
रूपाली राज वर्मा की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि ढोढ़ी मधनिया, मयूरहंड और पूरे चतरा जिले के लिए गौरव का विषय बन गई है। राष्ट्रीय स्तर पर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उन्हें ऐसी पहचान दिलाई कि उनका उल्लेख राज्य की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा में भी किया गया।
क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों, खेल प्रेमियों एवं जनप्रतिनिधियों ने रूपाली राज वर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों का कहना है कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे खेल एवं शिक्षा दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने का उत्साह मिलेगा।
गौरतलब है कि रूपाली राज वर्मा के पिता राजेंद्र दांगी गांव में सनराइज पब्लिक स्कूल का संचालन करते हैं। रूपाली ने आगरा में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर जिले और राज्य का नाम रोशन किया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि रूपाली की यह उपलब्धि साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी अवसर मिलने पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।






















Total Users : 1079861
Total views : 2882922