मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत युवाओं को कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता का दिया गया संदेश
पत्थलगड़ा (चतरा)। बुधवार को पत्थलगड़ा प्रखंड मुख्यालय के सुभाष चौक स्थित आईसेक्ट द्वारा संचालित बिरसा कौशल केंद्र में मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर एक दिवसीय विशेष जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं, प्रशिक्षकों एवं केंद्र के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र प्रबंधक दीपक कुमार यादव ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक डिग्री ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोजगारपरक कौशल का होना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ बेहतर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराता है।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करना सफलता की कुंजी है। युवाओं को अपने कौशल का निरंतर विकास करना चाहिए, नई तकनीकों को सीखना चाहिए तथा स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर स्वयं के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी योगदान देना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षुओं को मेहनत, लगन, समय की पाबंदी एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने भी कौशल विकास के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर प्रबिल दांगी, सोनी कुमारी, ललिता पांडेय, अमरकांत कुमार, मो. शहजाद, छवि रानी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।




















Total Users : 1174518
Total views : 3005084