Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

20 लाख का इनामी माओवादी गिरफ्तार, एके-56 सहित भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

पुलिस को बड़ी सफलता: 30 साल से जंगल का सरगना अब सलाखों के पीछे

लातेहार। लातेहार पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए झारखंड सरकार और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा कुल 20 लाख रुपये के इनामी भाकपा (माओवादी) के रीजनल कमेटी सदस्य रविन्द्र गंझू उर्फ मुकेश गंझू उर्फ सुरेन्द्र गंझू को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में दी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लगातार सूचना मिल रही थी कि रविन्द्र गंझू अपने दस्ते के साथ बेतर ओपी क्षेत्र के हेसला बांझी टोला, रंगुनिया और कुडु इलाके में सक्रिय है। सूचना के सत्यापन के बाद 12 जुलाई 2026 को लातेहार पुलिस, सीआरपीएफ तथा कोबरा-209 बटालियन की संयुक्त टीम का गठन कर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बांझी टोला के समीप जंगल से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

गिरफ्तार माओवादी के पास से पुलिस ने एक एके-56 रायफल, उसकी दो मैगजीन, 180 जिंदा कारतूस, एक 7.65 एमएम ऑटोमैटिक पिस्टल, उसकी दो मैगजीन, 12 कारतूस, एक सिंगल बैरल देशी रायफल, 5.56 एमएम के 21 कारतूस, .303 बोर के 16 कारतूस तथा अन्य सामग्री बरामद की है।

30 वर्षों से संगठन में सक्रिय, 154 मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, 43 वर्षीय रविन्द्र गंझू पिछले लगभग 30 वर्षों से माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ था। वर्तमान में वह चंदवा, गुमला और लोहरदगा क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों का संचालन कर रहा था। उसके विरुद्ध झारखंड के विभिन्न थानों में 154 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि वह कई नक्सली मुठभेड़ों, लेवी वसूली, विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने तथा आम नागरिकों एवं सुरक्षा बलों पर हमलों जैसी कई घटनाओं में शामिल रहा है।

झारखंड सरकार और एनआईए ने घोषित कर रखा था इनाम

रविन्द्र गंझू पर झारखंड सरकार द्वारा 15 लाख रुपये तथा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी को नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी उपलब्धि बताया है।

इस अभियान में कोबरा-209 बटालियन के उप कमांडेंट दीपक कुमार, बेतर ओपी प्रभारी रितेश कुमार राव, पुलिस अवर निरीक्षक रितेश तिग्गा, एसएटी-45 के प्रभारी मजलु कालिंदी सहित कोबरा-209, एसएटी-45 और लातेहार पुलिस के जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार माओवादी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर संगठन के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment