वाहन रोकने के बजाय पुलिसकर्मी को मारी टक्कर, चालक फरार; सीसीटीवी के आधार पर तलाश जारी
रांची। राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित पार्क प्राइम होटल के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान एक थार चालक की कथित लापरवाही और दबंगई का मामला सामने आया है। वाहन जांच के दौरान पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर चालक ने वाहन नहीं रोका, बल्कि एक पुलिसकर्मी को टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गया। घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, लालपुर थाना की टीम मोरहाबादी मैदान के पास नियमित अपराध नियंत्रण अभियान के तहत वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक थार वाहन, जिसका अगला शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त था, जांच के लिए संदिग्ध प्रतीत हुआ। पुलिस ने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भागने का प्रयास किया।
भागने के दौरान चालक ने लालपुर थाना के चालक राजेश यादव को टक्कर मार दी, जिससे उनके सिर में चोट लग गई। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद थार चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वाहन तथा चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
सिटी डीएसपी के.वी. रमन ने बताया कि फरार चालक की पहचान की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस बीच स्थानीय लोगों ने मोरहाबादी मैदान के आसपास सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि क्षेत्र में शराब की कई दुकानें होने के कारण कुछ लोग वाहनों में बैठकर शराब का सेवन करते हैं और बाद में तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।





















Total Users : 1074606
Total views : 2875532