पंचायत भवन की रिपेयरिंग में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने जांच व संवेदक पर कार्रवाई की मांग उठाई
पत्थलगड़ा (चतरा)। चतरा जिले के पत्थलगड़ा प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित सिंघानी पंचायत भवन की मरम्मत में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग 23 लाख रुपये की लागत से कराई गई रिपेयरिंग गुणवत्ता के अनुरूप नहीं हुई। हालत यह है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के महज एक से डेढ़ महीने के भीतर ही भवन की दीवारों का रंग उखड़ने लगा है, प्लास्टर झड़ रहा है, छत से पानी टपक रहा है और बाथरूम में भी पानी रिसाव की समस्या बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन का निर्माण वर्ष 2011 में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से किया गया था। इसके बाद वर्ष 2016 में करीब 8 लाख रुपये खर्च कर इसकी मरम्मत कराई गई। वहीं वर्ष 2026 में विशेष प्रमंडल द्वारा पुनः भवन की मरम्मत के लिए लगभग 23 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। बावजूद इसके कार्य की गुणवत्ता बेहद खराब बताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि भवन में न तो ढंग से प्लास्टर किया गया, न रंगाई-पुताई, न ही टाइल्स सही तरीके से लगाई गई। जगह-जगह दीवारों से रंग उतर रहा है और प्लास्टर टूटकर गिरने लगा है। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि जब इस संबंध में संवेदक से संपर्क किया गया तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि “पुराना भवन पुराना ही रहेगा, नया नहीं बन जाएगा।” संवेदक के इस जवाब से ग्रामीणों में और अधिक नाराजगी है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने, कार्य की गुणवत्ता का मूल्यांकन कराने तथा दोषी संवेदक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए मानक के अनुरूप दोबारा मरम्मत कार्य कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी राशि का सही उपयोग सुनिश्चित करने के लिए मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।






















Total Users : 1074633
Total views : 2875590