बाजार में उचक्कों की दुस्साहसिक वारदात, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
इटखोरी (चतरा)। चतरा जिले के इटखोरी प्रखंड मुख्यालय स्थित करनी रोड में अज्ञात उचक्कों ने एक ज्वेलर्स कारोबारी की बाइक की डिक्की से लाखों रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आशा ज्वेलर्स के संचालक दिलीप सोनी रोज की तरह दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने कलाली रोड के पास अपनी बाइक खड़ी की। घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने बाइक की डिक्की खोली तो उसमें रखे लाखों रुपये मूल्य के जेवरात गायब मिले। चोरी का पता चलते ही उन्होंने तत्काल इटखोरी थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि उचक्कों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस ने बताया कि बाइक की डिक्की से जेवरात चोरी होने की सूचना मिली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















Total Users : 1070861
Total views : 2870176