उपायुक्त बोले- समय बचेगा, शिक्षा पर बढ़ेगा फोकस; मेहनत से जिले और राज्य का नाम करें रोशन
लोहरदगा। झारखंड सरकार की साइकिल वितरण योजना के तहत शनिवार को लोहरदगा के नदिया स्थित मुख्यमंत्री जिला उत्कृष्ट हिन्दू उच्च विद्यालय में 400 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने विद्यार्थियों को साइकिल सौंपते हुए इसे शिक्षा को बढ़ावा देने और स्कूल ड्रॉपआउट रोकने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताया।
यह योजना अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, झारखंड सरकार द्वारा संचालित की जा रही है, जिसके तहत कक्षा-8 के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है। जिला स्तर पर गठित समिति की अनुशंसा के बाद राज्य सरकार से प्राप्त साइकिलों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि इस योजना का सबसे अधिक लाभ दूर-दराज के गांवों से विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा। पहले छात्रों को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती थी, जिससे उनका समय और ऊर्जा दोनों खर्च होते थे तथा पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। अब साइकिल मिलने से विद्यार्थियों का समय बचेगा और वे अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षा को जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, निःशुल्क पोशाक और पाठ्यपुस्तक जैसी कई कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों से पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर लोहरदगा, झारखंड और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव सहयोग करता रहेगा।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।





















Total Users : 1069303
Total views : 2868036