*उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक आयोजित*
————-
*विभिन्न आपदा प्रभावित मामलों में अनुग्रह अनुदान भुगतान को मिली स्वीकृति*
===============
*लोहरदगा।*
उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार, लोहरदगा श्री संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न आपदा से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित मामलों में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार (डीडीएमए) के तहत अनुग्रह अनुदान भुगतान के लिए अनुमोदन प्रदान किया गया।
बैठक में पानी में डूबने से मृत्यु के 05 मामलों, सड़क दुर्घटना में मृत्यु के 10 मामलों, वज्रपात से मृत व्यक्ति एवं पशु से संबंधित 23 मामलों, वज्रपात से मृत्यु के 03 मामलों, आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त मकानों के 16 मामलों, अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मकानों के 04 मामलों तथा आगलगी से क्षतिग्रस्त मकानों के 05 मामलों पर विचार-विमर्श किया गया तथा पात्र लाभुकों को नियमानुसार अनुग्रह अनुदान उपलब्ध कराने हेतु स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आपदा प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
*आमजनों से अपील*
इस अवसर पर उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार, लोहरदगा श्री संदीप कुमार मीना ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की प्राकृतिक अथवा अन्य आपदा से प्रभावित होने की स्थिति में संबंधित अंचल अधिकारी अथवा जिला स्तर पर जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी या अपर समाहर्ता से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि अनुग्रह अनुदान का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेज समय पर संबंधित अंचल अधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि सहायता राशि का भुगतान शीघ्र किया जा सके।























Total Users : 1069303
Total views : 2868036