Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

कोयला वाहनों का कहर जारी, हाईवा की टक्कर से सीआरपीएफ जवान की मौत

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

एक माह की छुट्टी पर घर आए थे जवान, आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर किया सड़क जाम

सिमरिया (चतरा)। चतरा जिले में कोयला ढुलाई में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार शाम सिमरिया थाना क्षेत्र के सिमरिया-चतरा मुख्य मार्ग स्थित देल्हो घाटी में हाईवा की चपेट में आने से सीआरपीएफ के एक जवान की मौत हो गई। घटना के विरोध में ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चतरा-सिमरिया मार्ग जाम कर दिया।

मृतक की पहचान लक्ष्मण कुमार यादव (28), पिता मुन्नी यादव, निवासी बिराजपुर गांव के रूप में हुई है। वह जम्मू-कश्मीर में सीआरपीएफ में तैनात थे और करीब सात दिन पहले एक माह की छुट्टी पर अपने घर आए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को लक्ष्मण कुमार यादव बाइक से सिमरिया की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से कटकमसांडी रेलवे साइडिंग में कोयला खाली कर लौट रहे एक तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सिमरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए पहले हजारीबाग और बाद में बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया। रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है तथा चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने बिराजपुर के समीप चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा तथा कोयला वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर कोयला वाहनों की लापरवाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक शाम करीब 5 बजे से सड़क जाम जारी था। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment