चला सघन वाहन जांच अभियान, नियम तोड़ने वालों पर प्रशासन की सख्ती
सिमरिया (चतरा): सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को सिमरिया में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) प्रदीप कुमार महतो एवं जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) महेश्वरी प्रसाद यादव के नेतृत्व में संयुक्त वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों से कुल 1,88,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न चौक-चौराहों पर वाहनों को रोककर ओवर स्पीड, ओवरलोडिंग, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन परमिट, टैक्स, रॉन्ग पार्किंग तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के विभिन्न प्रावधानों के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहन चालकों पर आर्थिक दंड लगाया गया।
एसडीओ प्रदीप कुमार महतो ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित वाहन संचालन करने तथा नियमों का पालन करने की अपील की।
वहीं डीटीओ महेश्वरी प्रसाद यादव ने कहा कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार का सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।






















Total Users : 1054285
Total views : 2847314