*लोहरदगा में CSR कार्यों को मिलेगी नई गति, उपायुक्त ने हिण्डाल्को व बैंकों को सौंपे महत्वपूर्ण दायित्व*
=============
*लोहरदगा।*
जिले में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से शनिवार को उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज एवं विभिन्न बैंकों द्वारा पूर्व में सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा की गई तथा लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि CSR के माध्यम से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने संबंधित संस्थाओं को सौंपे गए कार्यों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक में हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज को नंदिनी डैम में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए समिति को केज उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित टीबी मरीजों के लिए निश्चय किट उपलब्ध कराने तथा सदर अस्पताल के लिए बीएलएस एंबुलेंस की व्यवस्था करने का दायित्व सौंपा गया। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुडू, किस्को, सेन्हा एवं भंडरा में एक्स-रे तकनीशियन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।
शिक्षा क्षेत्र में हिण्डाल्को को किस्को प्रखंड के 11 विद्यालयों की मरम्मत, 6 विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण तथा पेशरार प्रखंड के 25 विद्यालयों की मरम्मत का कार्य कराने की जिम्मेदारी दी गई है। इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
वहीं भारतीय स्टेट बैंक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जनरेटर की व्यवस्था करने के साथ-साथ बहुउद्देशीय भवन एवं समाहरणालय परिसर में वाटर कूलर स्थापित कराने का दायित्व सौंपा गया है, जिससे आम लोगों को सुविधा मिलेगी।
उपायुक्त श्री मीना ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि हिण्डाल्को एवं बैंकिंग संस्थान अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करें और सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करें, ताकि जिले के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
आज की बैठक में पीडी आइटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, उद्योग महाप्रबंधक रघुबर सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आलोका चौधरी, नजारत उपसमाहर्ता अभिनीत सूरज, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, जिला मत्स्य पदाधिकारी प्रिसेती भार्गवी, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार, एलडीएम, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।




















Total Users : 1019551
Total views : 2798965