लोहरदगा: भंडरा अंचल कार्यालय में म्यूटेशन कराने पहुंचे व्यक्ति के साथ मारपीट का आरोप, उपायुक्त और एसपी से शिकायत; चौकीदार ने आरोपों को नकारा
भंडरा (लोहरदगा):
भंडरा प्रखंड के अंचल कार्यालय में जमीन म्यूटेशन और एलपीसी (LPC) कार्य के दौरान विवाद और मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। पशु चारा व्यवसाई रमजान अंसारी के पुत्र अब्दुल मतीन अंसारी ने शुक्रवार को लोहरदगा के उपायुक्त (DC) संदीप कुमार मीना और पुलिस अधीक्षक (SP) सादिक अनवर रिजवी को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
क्या है पीड़ित का आरोप?
अब्दुल मतीन अंसारी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, वे 11 जून की दोपहर अपनी पत्नी मरियम खातून और पांच वर्षीय पुत्री के साथ जमीन से जुड़े कार्यों के लिए भंडरा अंचल कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान वहां नियुक्त चौकीदार जलील अंसारी ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि चौकीदार ने पूर्व में उनसे उधार में पशु आहार लिया था, और जब उन्होंने अपने पैसे मांगे, तो चौकीदार उग्र हो गया और इस घटना को अंजाम दिया।
चौकीदार ने आरोपों को बताया बेबुनियाद, दिया अपना पक्ष
दूसरी तरफ, आरोपी चौकीदार जलील अंसारी ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। चौकीदार का कहना है कि मामला बिल्कुल उल्टा है। उन्होंने बताया, “अब्दुल मतीन किसी काम से अंचल कार्यालय आए थे। उस समय अंचल अधिकारी (CO) सर की वीसी (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) चल रही थी, इसलिए मैंने उन्हें कुछ देर इंतजार करने को कहा। इस पर मतीन अपना आपा खो बैठे और भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए मुझसे उलझ गए।” चौकीदार के अनुसार, इस दुर्व्यवहार की सूचना उसी समय भंडरा थाना प्रभारी को भी दे दी गई थी।
फिलहाल, दोनों पक्षों की बातें सामने आने के बाद मामला जिला प्रशासन और पुलिस के पास है। अब देखना होगा कि जांच में क्या सच्चाई सामने आती है।





















Total Users : 1019279
Total views : 2798595