खौफनाक वारदात; रोने पर बेरहम पिता ने ली मासूम की जान, कूड़े की गाड़ी में गया शव, धापा डंपिंग ग्राउंड में तलाश जारी
महानगर कोलकाता से एक दिल दहला देने वाली और इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मैदान थाना इलाके में एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 5 महीने की दुधमुंही बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी और अपना जुर्म छिपाने के लिए मासूम के शव को डस्टबिन में फेंक दिया। पुलिस ने इस अमानवीय कृत्य के आरोप में निर्दयी पिता देबोजीत जाना को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को अभियुक्त को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 22 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
रोने पर शराबी पिता ने मुक्कों से पीटा पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह खौफनाक घटना करीब तीन-चार दिन पहले की है। आरोपी देबोजीत शराब का भारी आदी है और उसकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार बताई जाती है। घटना की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था। इसी दौरान बिस्तर पर लेटी 5 महीने की बच्ची लगातार रोने लगी। शराब के नशे में धुत पिता को बच्ची का रोना इतना नागवार गुजरा कि उसने मासूम को चुप कराने के लिए उसे मुक्कों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। शव को प्लास्टिक में भर डस्टबिन में फेंका पिटाई के कुछ देर बाद जब बच्ची ने हलचल बंद कर दी, तो आरोपी को अहसास हुआ कि उसकी दर्दनाक मौत हो चुकी है। अपने जघन्य अपराध को छिपाने के लिए उसने मासूम के शव को एक प्लास्टिक की थैली में भरा और पास के एक डस्टबिन में ले जाकर फेंक दिया। अगले दिन सुबह कचरा उठाने वाली गाड़ी आई और वह हमेशा की तरह कचरे के साथ बच्ची के शव को भी लेकर चली गई।
पड़ोसियों के शक से खुला राज, डंपिंग ग्राउंड में तलाश इलाके के लोगों को जब बच्ची काफी समय तक दिखाई नहीं दी, तो उन्हें किसी अनहोनी या अपहरण का संदेह हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने तुरंत बच्ची की तलाश शुरू की। जब पिता देबोजीत से सख्ती से पूछताछ की गई, तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। हैरानी और दुख की बात यह है कि पुलिस अभी तक मासूम का शव बरामद नहीं कर पाई है। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस की टीमें धापा डंपिंग ग्राउंड और शहर के अन्य संभावित इलाकों में शव की सघन तलाश कर रही हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ कर शव की सटीक लोकेशन पता लगाने की कोशिश की जा रही है।






















Total Users : 962064
Total views : 2721735