Homeबिहारझारखंडदेश-विदेशमनोरंजनखेलक्राइमशिक्षाराजनीतिहेल्थराशिफल
---Advertisement---

गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज में उत्साह के साथ मनाया गया आठवां अभियंता दिवस

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

100 से अधिक प्रोजेक्ट मॉडलों के जरिए विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा और नवाचार की झलक, सौर इलेक्ट्रिक कार व ई-पावर बाइक मॉडल रहे आकर्षण का केंद्र

गुमला, संवाददाता। गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज की कार्यशाला में मंगलवार को आठवां अभियंता दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, माइनिंग, ऑटोमोबाइल और बीसीए सहित विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थियों ने 100 से अधिक प्रोजेक्ट मॉडलों के माध्यम से अपनी तकनीकी प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में तकनीकी कौशल, नवाचार, रचनात्मकता, समस्या समाधान की क्षमता और उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करना था। विद्यार्थियों द्वारा तैयार परियोजनाओं में आधुनिक तकनीक के उपयोग के साथ वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महतो (आईएएस) ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों, कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया को माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

15 सितंबर को सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर अभियंता दिवस मनाया जाता है। उनके अग्रणी कार्यों और भारत के विकास में योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों ने विभिन्न तकनीकी परियोजनाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थियों द्वारा तैयार प्रोजेक्ट मॉडल प्रदर्शनी रही। पर्यावरण अनुकूल विद्युत प्रणालियों से लेकर आधुनिक यांत्रिक डिजाइन तक कई मॉडल प्रदर्शित किए गए। बड़ी संख्या में स्थानीय विद्यालयों के शिक्षक एवं विद्यार्थी भी प्रदर्शनी देखने पहुंचे और विद्यार्थियों की परियोजनाओं की सराहना की। कई मॉडल उद्यमिता एवं व्यवसाय विकास की दृष्टि से उपयोगी पाए गए।

इन परियोजनाओं ने जीते पुरस्कार

प्रथम पुरस्कार

  • मैकेनिकल, पांचवां सेमेस्टर — सोलर इलेक्ट्रिक कार
  • ऑटोमोबाइल, पांचवां सेमेस्टर — सोलर ई-पावर बाइक विद स्मार्ट बैटरी मैनेजमेंट

द्वितीय पुरस्कार

  • मैकेनिकल, पांचवां सेमेस्टर — स्मार्ट साइकिल
  • बीसीए, पांचवां सेमेस्टर — फार्म बास्केट वेबसाइट

तृतीय पुरस्कार

  • बीसीए, तृतीय सेमेस्टर — स्मार्ट कृषि सेवा
  • जवाहर नवोदय विद्यालय, गुमला — लाइन फॉलोअर कार
  • इलेक्ट्रिकल, प्रथम सेमेस्टर — एसएमएस सुविधा युक्त मासिक बिजली बिल प्रदर्शन प्रणाली

मुख्य अतिथि उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने सभी विजेता विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल तकनीकी शिक्षा प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को अपने ज्ञान का उपयोग समाज और देश की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज में इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में कॉलेज के निदेशक अभिजीत कुमार तथा शासी निकाय की सदस्या रेणुका यशश्वी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ीं और अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। निदेशक अभिजीत कुमार ने कहा कि कॉलेज का प्रयास है कि यहां के विद्यार्थी केवल रोजगार प्राप्त करने वाले युवा न बनें, बल्कि भविष्य में रोजगार देने वाले सफल उद्यमी और तकनीकी नवप्रवर्तक भी बनें। कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी अजीत कुमार शुक्ला ने मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके गरिमामयी उपस्थिति एवं बहुमूल्य समय के लिए आभार व्यक्त किया।

समापन के अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शीबा नारायण साहू ने सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उपायुक्त दिलेश्वर महतो की उपस्थिति और प्रोत्साहन से विद्यार्थियों एवं कॉलेज परिवार को नवाचार और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment