ग्रामीणों ने डीसी को सौंपा आवेदन, प्रसव पीड़ित महिलाओं व आपात मरीजों की परेशानी का दिया हवाला
गिद्धौर(चतरा)। प्रखंड के दुवारी पंचायत के ग्रामीणों ने चतरा उपायुक्त को आवेदन देकर दुवारी स्वास्थ्य उपकेंद्र में आपातकालीन इलाज के लिए रात्रि में चिकित्सक की व्यवस्था करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में स्वास्थ्य केंद्र बंद रहने के कारण प्रसव पीड़ित महिलाओं और आपातकालीन मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
आवेदन में ग्रामीणों ने बताया है कि दुवारी उपस्वास्थ्य केंद्र में सीएचओ पिंटू कुमार तथा एएनएम उषा कुमारी, बबीता कच्छप एवं खुशबू कुमारी पदस्थापित हैं। ग्रामीणों के अनुसार स्वास्थ्यकर्मी सुबह करीब 9:30 बजे केंद्र पहुंचते हैं और दोपहर 3 बजे केंद्र बंद कर चले जाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि दुवारी से चतरा सदर अस्पताल करीब 35 किलोमीटर, हजारीबाग सदर अस्पताल 32 किलोमीटर, गिद्धौर 17 किलोमीटर तथा इटखोरी स्वास्थ्य केंद्र करीब 30 किलोमीटर दूर है। ऐसे में रात के समय गंभीर मरीजों और प्रसव पीड़ित महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है।
रात्रि सेवा को लेकर कर्मियों पर लगाया इनकार का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि रात्रि में स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने का आग्रह करने पर पदस्थापित कर्मी यह कहकर इनकार कर देते हैं कि उन्हें रात में केंद्र पर रहने की अनुमति नहीं है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से गरीब एवं ग्रामीण जनता के हित में दुवारी स्वास्थ्य उपकेंद्र में 24 घंटे चिकित्सा सेवा एवं रात्रि में चिकित्सक की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।






















Total Users : 1185139
Total views : 3019311