चतरा। आगामी 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल, चतरा में उपायुक्त कीर्तिश्री एवं पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल द्वारा संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित कर परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उपस्थित सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षा का आयोजन पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 4280 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली में अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय सुबह 8ः00 बजे निर्धारित है तथा परीक्षा पूर्वाह्न 10ः00 बजे से दोपहर 12ः00 बजे तक आयोजित होगी। वहीं द्वितीय पाली के लिए रिपोर्टिंग समय दोपहर 1ः00 बजे एवं परीक्षा अपराह्न 3ः00 बजे से सायं 5ः00 बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा के निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने हेतु भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस)-2023 की धारा 163 (पूर्व में धारा 144) के अंतर्गत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार का घातक हथियार या विस्फोटक पदार्थ लेकर चलना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही अनावश्यक भीड़, जुलूस, ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग एवं शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर पूर्ण रोक रहेगी। परीक्षा में कदाचार करना या उससे संबंधित सामग्री का वितरण एवं प्रचार-प्रसार भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि यह आदेश कर्तव्य पर तैनात सुरक्षा बलों एवं पारंपरिक रूप से शस्त्र धारण करने वाले समुदायों पर लागू नहीं होगा। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग करें। इस संयुक्त ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सह जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी वैभव कुमार सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती कुमारी, जिला नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
जेपीएससी परीक्षा को लेकर चतरा प्रशासन अलर्ट, कदाचारमुक्त संचालन हेतु सख्त निर्देश

On: April 18, 2026 1:30 AM

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now




















Total Users : 913694
Total views : 2656276