विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल की
पत्थलगड़ा (चतरा)। पत्थलगड़ा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंघानी स्थित उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय, सिंघानी के छात्र-छात्राओं ने आठवीं जैक बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं प्रखंड का नाम रोशन किया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक चेतलाल राम ने बताया कि इस वर्ष कुल 35 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। शुक्रवार को बीआरपी लोकनाथ दांगी एवं प्रधानाध्यापक द्वारा विद्यार्थियों को परिणाम प्रदान किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में रिया रानी, सनी कुमार, पल्लवी कुमारी, पीयूष कुमार, भारती कुमारी, मोहम्मद नजीर, आरसी जन्नत, दुर्गा कुमारी, प्रिया कुमारी, राहुल कुमार, सोनाली कुमारी, रूसदा नाज, क्रांति कुमारी सहित सभी छात्र-छात्राओं ने प्रथम श्रेणी प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रधानाध्यापक ने बताया कि वर्ष 2024 से 2026 तक कक्षा 6 से 8 में शिक्षकों की कमी के कारण लगभग 90 छात्रों को पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल की। छात्रा रिया रानी ने कहा कि शिक्षकों की कमी के बावजूद सभी विद्यार्थियों ने मेहनत जारी रखी और शिक्षकों एवं अभिभावकों के सहयोग से बेहतर परिणाम प्राप्त किया। बीआरपी लोकनाथ दांगी ने कहा कि यह पहली बार है जब विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त कर पूरे प्रखंड का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर शिक्षक राजकमल प्रसाद, सहायक शिक्षक मिथिलेश कुमार, सहायक शिक्षिका सुप्रिया कुमारी, सुनीता पांडे, आईसीटी शिक्षक गुलशन कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।























Total Users : 913704
Total views : 2656288