167 गांवों के प्रतिनिधियों की सहभागिता, कई अहम निर्णय
इटखोरी (चतरा)। इटखोरी प्रखंड मुख्यालय स्थित जगन्नाथ होटल में शुक्रवार को चय परगना बुंदेल समाज द्वारा समाज में फैली कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हजारपति प्रतिनिधि रसिक शिरोमणि ने की, जबकि संचालन मनोज कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की 99वीं जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देकर की गई। इस संगोष्ठी में चय परगना क्षेत्र के बुंदेल समाज के 167 गांवों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पदाधिकारी हरिश्चंद्र सिंह ने कहा कि समाज में फैल रही कुरीतियों को जड़ से समाप्त करना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को नशा, विशेषकर शराब से दूर रखने तथा सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में समाज के विकास, संगठन की मजबूती एवं पूरी मठ व सिंदवारी मठ के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही सर्वसम्मति से पूरी मठ को ट्रस्ट से जोड़कर उसके विकास की रणनीति बनाने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त समाज में अंतर्जातीय विवाह पर रोक लगाने तथा हजारपति एवं तपेदारों के साथ आमजनों को जोड़कर एक सशक्त समिति गठन का भी निर्णय लिया गया। संगोष्ठी में यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि जल्द ही हजारपति के नेतृत्व में समाज की एक व्यापक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। कार्यक्रम में चौपारण, मयूरहंड एवं इटखोरी प्रखंड से संजय सिंह, रामचंद्र सिंह, विकास सिंह, रणजीत सिंह, वीरेंद्र सिंह, धनंजय सिंह, ओमप्रकाश सिंह, निर्भय सिंह, लक्ष्मी सिंह, रामरक्षा सिंह, कौशल सिंह, भोला सिंह, छोटू सिंह, मालिक बाबू, शिवकुमार सिंह, सुनील सिंह समेत हजारों की संख्या में बुंदेल समाज के लोग उपस्थित रहे।





















Total Users : 913696
Total views : 2656278