दैवीय अनुष्ठान और तीर्थयात्रा के बहाने परिवार को बनाया शिकार
महाराष्ट्र. ठाणे जिले में ‘काला जादू’ का डर दिखाकर एक परिवार से 1.66 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में मुंबई के अंधेरी निवासी मंजुनाथ शेट्टी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कासारवडवली थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जनवरी 2024 में एक कार्यक्रम के दौरान पीड़ित परिवार से संपर्क किया। उसने परिवार की आर्थिक परेशानियों का फायदा उठाते हुए दावा किया कि उनके रिश्तेदार ने उन पर ‘काला जादू’ कर दिया है, जिसे विशेष अनुष्ठान और धार्मिक प्रक्रिया के जरिए ही खत्म किया जा सकता है।
आरोपी ने परिवार को भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों की तीर्थयात्रा कराने और कई धार्मिक अनुष्ठान करने का झांसा दिया। फरवरी से अप्रैल 2024 के बीच उसने अनुष्ठान सामग्री के नाम पर करीब 10 लाख रुपये नकद वसूले। इसके बाद मई 2024 से जनवरी 2026 के बीच परिवार से ऑनलाइन माध्यम से करीब 1.56 करोड़ रुपये अपने और अपनी मां के खातों में ट्रांसफर करवा लिए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने परिवार को धमकाया था कि यदि उसे पैसे नहीं दिए गए या वह जेल गया तो अनुष्ठान अधूरा रह जाएगा और उनकी समस्याएं और बढ़ जाएंगी। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) और महाराष्ट्र काला जादू विरोधी कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।




















Total Users : 1007132
Total views : 2782227