हत्या-आत्महत्या की आशंका, ईदी को लेकर शुरू हुआ था विवाद
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के सरवट इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 1500 रुपये की ईदी के विवाद ने एक पूरे परिवार को खत्म कर दिया। इस दर्दनाक मामले में एक ही घर से चार लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों में पेंटर इरशाद (34), उसकी पत्नी नोरीन (30), दो वर्षीय बेटा आहिल और एक माह की मासूम बच्ची अक्शा शामिल हैं। घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। परिजनों और पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस को घर के अंदर इरशाद का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी और दोनों बच्चों के शव कमरे में पड़े थे। प्रारंभिक जांच में बच्चों के मुंह से झाग निकलने की बात सामने आई है, जिससे जहर देने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले इरशाद की बहन ईद के मौके पर घर आई थी। उसे दी गई ईदी की रकम को लेकर परिवार में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर ससुराल पक्ष के लोग घर पहुंचे और मारपीट व हंगामा किया।
पड़ोसियों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले देर रात तक पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता रहा। इसके बाद अचानक घर से आवाजें आनी बंद हो गईं। अगले दिन दोपहर तक सन्नाटा पसरा रहा, जिससे लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
मृतक के भाई ने इरशाद के ससुराल वालों पर लगातार प्रताड़ित करने और घटना से पहले मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल है। एक छोटे से विवाद ने जिस तरह चार जिंदगियों को खत्म कर दिया, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।





















Total Users : 878263
Total views : 2606209