गर्मी में सूखे जंगल, जलस्रोत की कमी पर ग्रामीणों ने वन विभाग को ठहराया जिम्मेदार
कान्हाचट्टी (चतरा)। कान्हाचट्टी प्रखंड के सिमराडीह गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पानी की तलाश में भटककर गांव पहुंचे एक हिरण की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज गर्मी और जंगलों में पानी की कमी के कारण हिरण भटकते हुए गांव के खेतों तक पहुंच गया। इसी दौरान वह खेत में लगे कांटेदार तार में उलझ गया और काफी देर तक तड़पता रहा। अंततः मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगलों में जलस्रोतों की भारी कमी है, जिसके कारण जंगली जानवर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने को मजबूर हो रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते जंगलों में पानी की समुचित व्यवस्था की जाती, तो इस तरह की घटना नहीं होती। उन्होंने मांग की है कि जंगलों में स्थायी जलस्रोत बनाए जाएं और गांवों के आसपास सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए जाएं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी के कारण वन्य जीवों के सामने पानी का संकट गहरा गया है, जिससे वे अपनी जान जोखिम में डालकर गांवों की ओर रुख कर रहे हैं। फिलहाल इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और वे प्रशासन से ठोस पहल की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


















Total Users : 853287
Total views : 2571252