रायपुर। उत्कृष्ट ब्राह्मण सामाजिक संगठन समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार 15 मार्च को सोहागा मंदिर के पीछे स्थित हनुमान मंदिर, ब्राह्मणपारा में आयोजित की गई। बैठक में आगामी हिंदू नव वर्ष (नव संवत्सर) और चैत्र नवरात्र के अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
संगठन के प्रदेश सचिव पं. सजल तिवारी एवं संयुक्त सचिव पं. श्रीकांत तिवारी ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि सनातन संस्कृति में नव संवत्सर और चैत्र नवरात्र का विशेष महत्व है। यह पर्व भारतीय परंपरा, आध्यात्मिकता और नई ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने समाज के लोगों से अपने घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना करने तथा सामाजिक सद्भाव और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नव संवत्सर और चैत्र नवरात्र जैसे पावन पर्व को धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता के संदेश के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं को भी सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा। संगठन की प्रदेशाध्यक्ष प्रमिला तिवारी ने बताया कि नव संवत्सर के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में धार्मिक अनुष्ठान, कलश स्थापना, पूजा-अर्चना के साथ घरों और मंदिरों में बंदनवार लगाकर शाम को दीपदान कर हिंदू नववर्ष का स्वागत किया जाएगा। वहीं चैत्र नवरात्र के शुभारंभ पर देवी पूजन, दुर्गा पाठ, कन्या पूजन सहित सामूहिक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर समाज की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की जाएगी।
संगठन के मुख्य सलाहकार डॉ. भावेश शुक्ला पराशर ने बताया कि परिषद् की सभी जिला और नगर इकाइयों को इन कार्यक्रमों के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि प्रदेशभर में एक साथ धार्मिक आयोजन किए जा सकें। वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ब्राह्मण समाज में एकजुटता बढ़ती है और नई पीढ़ी को सनातन परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है। परिषद् ने प्रदेश के सभी विप्रजनों से अपील की कि वे इन आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रमों को सफल बनाएं। बैठक में स्वाति मिश्रा, खुशबू शर्मा, संध्या उपाध्याय, प्रीति तिवारी, अमिता तिवारी, विजयलक्ष्मी तिवारी, अरुणा मिश्रा, शशि शर्मा, पूनम पांडेय, पं. संजय शर्मा, पं. उमाकांत तिवारी, पं. विवेक तिवारी, पं. यशवर्धन तिवारी, पं. विजय पांडेय, पं. गौरव मिश्रा सहित रायपुर के अनेक संगठन सहयोगी उपस्थित थे।





















Total Users : 847079
Total views : 2562780