पत्थलगड़ा (चतरा)। पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह गांव की एक युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में वादिनी सरीता देवी पति कुलेश्वर तुरी, निवासी नावाडीह टोला कुम्का, थाना पत्थलगड़ा, जिला चतरा द्वारा थाना में लिखित आवेदन दिया गया था। आवेदन के आधार पर पत्थलगड़ा थाना कांड संख्या 08/2026, 31 जनवरी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में त्वरित अनुसंधान एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक अभियुक्त पिंटू कुमार 25 वर्ष, पिता पदुम यादव, निवासी कदले चौथा, थाना सिमरिया, जिला चतरा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने वादिनी की पुत्री के साथ प्रेम-प्रसंग की बात स्वीकार की। कड़ाई से पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि युवती उस पर विवाह का दबाव बना रही थी, जिसे उसने अस्वीकार कर दिया। अभियुक्त के कथनानुसार, इसी के बाद युवती ने कुएं में कूदकर जान दे दी। अभियुक्त की निशानदेही पर मृतका काजल कुमारी, पिता कुलेश्वर तुरी, निवासी नावाडीह टोला कुम्का, थाना पत्थलगड़ा, जिला चतरा का शव कुएं से बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। उल्लेखनीय है कि युवती 26 जनवरी को रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। बीते छह दिनों से परिजन एवं ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन रविवार सुबह कुएं में शव तैरता दिखाई देने के बाद मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पत्थलगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। छापामारी दल में थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक राकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, सहायक अवर निरीक्षक घनश्याम प्रसाद सिंह सहित पत्थलगड़ा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।





















Total Users : 793751
Total views : 2490315