रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म भूषण सम्मान दिए जाने की घोषणा पर केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री ने लिखा कि झारखंड की समस्त जनता की ओर से वे इस सम्मान के लिए केंद्र सरकार को हार्दिक धन्यवाद देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व दिशोम गुरुजी का जीवन राजनीतिक सीमाओं से कहीं परे, अनंत तक जाता है। उनका संपूर्ण जीवन समता, समावेशी और सामाजिक न्याय, अस्मिता, आदिवासी पहचान, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा शोषित-वंचित वर्गों के हक और अधिकारों के लिए किए गए विराट संघर्ष का साक्षी रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि यही संघर्ष दशकों की सामाजिक और राजनीतिक लड़ाई के बाद झारखंड को उसका अपना राज्य दिलाने में निर्णायक बना और झारखंडवासियों को ‘झारखंडी’ होने का गर्व मिला।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में यह भी कहा कि झारखंड की जनता के हृदय और विचारों में, तथा लद्दाख से केरल और राजस्थान से असम तक देश के आदिवासी समाज के बीच, भारत मां के सच्चे सपूत स्व बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन भारत रत्न थे, हैं और सदैव रहेंगे।




















Total Users : 790378
Total views : 2485725