चतरा/कान्हाचट्टी। शनिवार 06 सितम्बर 2025 को चतरा जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अति उग्रवाद प्रभावित बेंगोकला में भाकपा (माले, लिबरेशन) की ओर से 1996 के अमकुदर नरसंहार की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व भुनेश्वर बेदिया, राज्य समिति सदस्य व चतरा जिलाध्यक्ष ने किया तथा मनोज़ कुमार प्रजापति, जिला सचिव (भाकपा माले) मौजूद रहे। सभा के मुख्य अतिथि चंद्रदेव महतो, विधायक सिंदरी ने स्थल पर बने शहीद चौक का उद्घाटन किया और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। अन्य अतिथियों में अब्दुल्ला अंसारी, जयंती चौधरी, गिरिडीह जिला परिषद के प्रतिनिधि व सदस्य शामिल थे। सभा में वक्ताओं ने याद दिलाया कि गरीबों पर कभी सामंती जमींदारों और वन अधिकारियों का अत्याचार इतना गहरा था कि मज़दूरों को पूरे दिन काम के बदले केवल एक किलो चावल दिया जाता था, और महुआ के तीन चौथाई हिस्से पर जमींदार कब्ज़ा कर लेते थे। मुखिया जैसे नेतृत्व पदों पर भी प्रायः सवर्ण जातियों का वर्चस्व था, जो सामंती ढांचे को दर्शाता था। हालांकि स्थितियां बदली हैं, लेकिन शोषण की परम्परा आज भी जारी है। वक्ताओं ने कहा कि आज भी सड़क, अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में लोगों को बाहर पलायन करना पड़ता है। असली लड़ाई गरीब और अमीर के बीच है, मगर चुनावों में जनता को भटकाने के लिए मंदिर-मस्जिद और हिन्दू-मुस्लिम जैसे मुद्दों को उभारा जाता है। यह भी आरोप लगाया गया कि कॉरपोरेट जगत के करोड़ों रुपये के कर्ज़ माफ किए जाते हैं और फिर वही पैसा चंदे के रूप में राजनीतिक दलों को लौटता है। आगे कहा ज़मीन जनता की है और इसे छीनने की किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा। वक्ताओं ने सिद्धो, कान्हो और चांद भैरव की विरासत को याद करते हुए आगाह किया कि झारखण्ड में भी बिहार की तरह विशेष पुनरीक्षण शुरू होने वाला है, इसलिए लोगों को अपने कागज़ात तैयार रखने चाहिए। सभा में 1996 में शहीद हुए झामन सिंह भोकता को भी याद किया गया, जिनका सपना था कि संघर्ष को राजनीतिक ताक़त बनाकर सत्ता तक पहुंचाया जाए। उपस्थित लोगों ने उनके सपनों को आगे बढ़ाने, सामंती व कॉरपोरेट शोषण तथा सांप्रदायिक राजनीति का मुकाबला करने और न्याय, ज़मीन व सम्मान की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।
अमकुदर नरसंहार की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित, 1996 में शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

On: September 7, 2025 2:53 PM

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now



















Total Users : 1135628
Total views : 2960038