सीएम हेमंत सोरेन ने स्मार्ट सिटी का किया निरीक्षण, निर्माण कार्य जल्द पूरा कर मंत्रियों के आवासों को सौंपने को लेकर दिया आवश्यक दिशा निर्देश

0
342

न्यूज स्केल डेस्क
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड की राजधानी रांची स्मार्ट सिटी में मंत्रियों के लिए बने नवनिर्मित आवास के साथ पूरे आवासीय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लेने को कहा। मुख्यमंत्री ने रांची स्मार्ट सिटी आवासीय परिसर में बने क्लब हाउस, बैडमिंटन कोर्ट और पुलिस बैरेक आदि का निरीक्षण कर सुविधाओं से संबंधित जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री ने परिसर में बच्चों के लिए खेलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवनिर्मित आवास एवं पूरे आवासीय परिसर के सभी कार्य 15 जनवरी 2025 तक पूर्ण कर लिए जाएं ताकि मंत्रियों को जल्द आवास आवंटित की जा सके। निरीक्षण क्रम में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव अरवा राजकमल, स्मार्ट सिटी के सीईओ अमीत कुमार, स्मार्ट सिटी के जीएम राकेश नंदकुलियार आदि अधिकारी उपस्थित थे।