न्यूज स्केल संवाददाता, अरविंद कुमार/अमित कुमार सिंह
चतरा/इटखोरी। चतरा जिले के इटखोरी प्रखंड मुख्यालय स्थित माता भद्रकाली मंदिर परिसर में हर वर्ष आयोजित होने वाला तीन दिवसीय इटखोरी महोत्सव इस बार भी पूर्व निर्धारीत तिथी 19 फरवरी से शुरू हो रहा है। महोत्सव 21 फरवरी तक चलेगा। महोत्सव की तैयारी जिला प्रशासन के द्वारा लगभग पुरी कर ली गई है। राजकीय इटखोरी महोत्सव का उद्घाटन राज्य के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन द्वारा सोमवार को किया जाएगा। झारखंड सरकार की ओर से रविवार को घोषित किया गया है कि इस महोत्सव में भारतीय और झारखंड की संस्कृति और सभ्यता को महत्व दिया जाएगा। भक्तिमय और संगीतमय प्रस्तुतियां लोगों को महोत्सव में स्वागत करेंगी। इस महोत्सव में भारतीय संस्कृति और सभ्यता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। विशेष रुप से महोत्सव में स्थानीय खाद्य, हस्तशिल्प और कला का प्रदर्शन होगा। स्थानिय लोगों की माने तो इस अद्वितीय महोत्सव के आयोजन से झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार का अवसर भी मिलेगा और पर्यटकों को राज्य की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव करने का मौका मिलेगा।
झारखंडी संस्कृति की दिखेगी महोत्सव में झलक
तीन दिवसीय इटखोरी महोत्सव भारतीय एवं झारखंड की संस्कृति और सभ्यता से ओत-प्रोत होगा। इसमें भक्तिमय एवं संगीतमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी। समारोह के मुख्य अतिथि चंपाई सोरेन होंगे। विशिष्ट अतिथि झारखंड सरकार के मंत्री सत्यानंद भोक्ता होंगे। जबकी कार्यक्रम की अध्यक्षता चतरा सांसद सुनील कुमार सिंह करेंगे।
महोत्सव का माता के दर्शन-पूजन के बाद सीएम करेंगे उद्घाटन
कार्यक्रम के मुताबिक, 19 फरवरी के दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे के बीच मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन का आगमन होगा। इसी दौरान दर्शन-पूजन एवं महोत्सव का उद्घाटन होगा। इसके बाद शाम 5ः30 बजे से शाम 6 बजे तक डॉ. विपिन मिश्रा एवं ग्रुप की प्रस्तुति होगी। उसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय इटखोरी की ओर से शाम 6 बजे से 6ः30 बजे तक प्रस्तुति दी जाएगी। इसके उपरांत मुकुन्द नायक एवं ग्रुप, सत्या ठाकुर एवं ग्रुप, अल्ताफ राजा एवं ग्रुप, अक्षरा सिंह। 20 फरवरी 2024 को सुशील महतो एवं लखीराम नायक ग्रुप, शालीनी दुबे एवं ग्रुप, साक्षी प्रिया दुबे एवं समूह, किस्सु राहुल एवं ग्रुप, रोहित आरके एवं ग्रुप, बिनोद राठौर एवं ग्रुप, 21 फरवरी 2024 को बीएसएफ हजारीबाग, मृणालिनी अखौरी, प्रकाश कुमार एवं ग्रुप, रजत आनन्द एवं ग्रुप, सिमरन साह एवं ग्रुप, पूजा चटर्जी एवं ग्रुप, राजकीय इटखोरी महोत्सव 2024 का समापन एवं भाषण कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।