तंबाकू मुक्त अभियान के तहत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शपथ ग्रहण, बाल संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम, निबंध-चित्रकला प्रतियोगिता सहित पशु चिकित्सा शिविर आयोजित
लोहरदगा। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा–2026 के अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं संस्थानों में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी, जागरूकता एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल संरक्षण, पंचायती राज एवं पशुपालन विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
तंबाकू मुक्त अभियान के तहत विद्यार्थियों ने ली शपथ
जिला स्वास्थ्य समिति, लोहरदगा के अंतर्गत जिला तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम द्वारा जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में तंबाकू मुक्त अभियान के तहत सीएम उत्कृष्ट नदिया प्लस टू उच्च विद्यालय, मधुसूदन अग्रवाल महिला महाविद्यालय, उर्सुलाइन कॉन्वेंट बालिका उच्च विद्यालय में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मियों ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण की शपथ ली। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए समाज को तंबाकू मुक्त बनाने का संदेश दिया गया।
गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के साथ बैठक
समाज कल्याण विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के साथ बैठक आयोजित की गई। इस दौरान महिलाओं को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र लाभुकों का आवेदन प्रपत्र भरने की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
बाल संरक्षण एवं अधिकारों के प्रति छात्राओं को किया गया जागरूक
जिला बाल संरक्षण इकाई के द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कुडू में जागरूकता सह परामर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह, बाल अधिकार, पॉक्सो अधिनियम, चाइल्ड हेल्पलाइन, मानसिक स्वास्थ्य, मिशन वात्सल्य की योजनाओं, साफ-सफाई एवं साइबर अपराध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इसी क्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई, समर्पण CCI, SAA JSKBM एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के संयुक्त तत्वावधान में एस.एस. पब्लिक स्कूल, कुटमू में मिशन वात्सल्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, समर्पण CCI में बच्चों की देखरेख एवं संस्थागत सेवाओं, दत्तक ग्रहण प्रक्रिया, नशामुक्ति तथा पोस्ट केयर से संबंधित जानकारी दी गई।
निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता, बाल सभा और स्वच्छता प्रतिज्ञा का आयोजन
पंचायती राज विभाग के अंतर्गत पंचायत सचिवालय, पंडरा, कुडू में छात्र-छात्राओं के बीच निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं, सेन्हा प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता, बाल सभा एवं स्वच्छता प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता, सामाजिक सहभागिता एवं स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
पशुपालन विभाग द्वारा विशेष पशु चिकित्सा शिविर
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पशुपालन विभाग द्वारा कुडू प्रखंड के लावागाई में विशेष पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य एवं देखभाल से संबंधित आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। जिला प्रशासन द्वारा राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत विभिन्न विभागों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजनों तक पहुंचाने, जागरूकता बढ़ाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।





















Total Users : 1276095
Total views : 3148240