बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत ओलावृष्टि, जलभराव, भूस्खलन, बादल फटने एवं बिजली गिरने से लगी प्राकृतिक आग से फसल क्षति पर मिलेगा बीमा लाभ
लोहरदगा। बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के परिचालन दिशा-निर्देश-2023 के तहत खरीफ 2026 की अधिसूचित फसलों का बीमा कराने वाले किसानों को स्थानीयकृत आपदाओं के कारण फसल क्षति होने पर इसकी सूचना निर्धारित समय-सीमा के भीतर देनी होगी। इस संबंध में जिला सहकारिता पदाधिकारी आशा टोप्पो द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि किसानों को फसल नुकसान की घटना के 72 घंटे के भीतर सूचना देना अनिवार्य है, ताकि नियमानुसार फसल क्षति का आकलन एवं सत्यापन कर बीमा लाभ की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
इन आपदाओं में मिलेगा बीमा कवर
योजना के तहत ओलावृष्टि से खड़ी फसल को नुकसान, भूस्खलन से फसल प्रभावित होने, प्राकृतिक वर्षा अथवा बाढ़ के कारण खेतों में लंबे समय तक जलभराव एवं जलमग्नता, बादल फटने तथा आकाशीय बिजली गिरने से लगी प्राकृतिक आग के कारण फसल क्षति को स्थानीयकृत आपदा के रूप में शामिल किया गया है। हालांकि, इसका लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा जिन्होंने संबंधित अधिसूचित फसल का बीमा कराया है तथा नुकसान की घटना राज्य की अधिसूचना एवं निर्धारित फसल अवधि के अंतर्गत हुई है। फसल क्षति का आकलन नियमानुसार संयुक्त सर्वेक्षण के माध्यम से किया जाएगा।
इस माध्यम से दर्ज कराएं नुकसान की सूचना
किसान फसल क्षति की सूचना सबसे पहले Crop Insurance App अथवा कृषि रक्षक पोर्टल एवं हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14447 जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त व्हाट्सएप नंबर 7065514447, संबंधित बैंक शाखा, पैक्स (PACS) अथवा स्थानीय कृषि विभाग एवं जिला अधिकारियों के माध्यम से भी सूचना दी जा सकती है। बैंक अथवा सरकारी अधिकारियों के माध्यम से प्राप्त सूचना को संबंधित बीमा कंपनी तक 48 घंटे के भीतर अग्रेषित किया जाना आवश्यक है।
सूचना देते समय रखें ये विवरण तैयार
किसानों को नुकसान की सूचना दर्ज कराते समय अपना नाम एवं मोबाइल नंबर, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की आवेदन/नामांकन संख्या, बीमित फसल का नाम, प्रभावित खेत का खसरा अथवा सर्वे नंबर, प्रभावित क्षेत्रफल, बैंक खाता संबंधी विवरण तथा नुकसान की तारीख एवं घटना का पूरा विवरण उपलब्ध कराना होगा। संभव हो तो प्रभावित खेत एवं फसल की स्पष्ट तस्वीरें भी प्रस्तुत करें।
72 घंटे की समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान
जिला सहकारिता पदाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि स्थानीयकृत आपदा के कारण फसल को नुकसान होने पर 72 घंटे की निर्धारित समय-सीमा के भीतर Crop Insurance App अथवा कृषि रक्षक पोर्टल एवं हेल्पलाइन नंबर 14447 पर अनिवार्य रूप से सूचना दर्ज कराएं, ताकि पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नियमानुसार क्षतिपूर्ति का लाभ मिल सके।




















Total Users : 1276096
Total views : 3148241