पहले मिट्टी और ढिबरी की रोशनी में होती थी पूजा, ग्रामीण खुद बनाते थे प्रतिमा; इस बार भी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
टंडवा (चतरा)। टंडवा प्रखंड के किसुनपुर में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार देर शाम प्रदोषकाल में लक्ष्मी-गणेश, धन्वंतरि और कुबेर आदि देवताओं का विधिवत पूजनोत्सव शुरू हुआ, जिसकी पूर्णाहुति सोमवार को होगी।
किसुनपुर के 97 वर्षीय ननक साव के अनुसार गांव के प्रबुद्धजन वर्ष 1939 से श्रीगणेश, लक्ष्मी, सरस्वती और कार्तिकेय की प्रतिमा स्थापित कर लगातार पूजन करते आ रहे हैं। लंबे समय तक मिट्टी के दीयों और ढिबरी की रोशनी में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जाती थी।
बताया जाता है कि करीब ढाई दशक पहले तक ग्रामीण अपने हाथों से प्रतिमा बनाते थे। दीपावली की सुबह पूजा के बाद प्रतिमाओं को नगर भ्रमण कराते हुए मेला टांड लाया जाता था, जहां आसपास के दर्जनों गांवों के लोग दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते थे और भव्य मेला लगता था। ग्रामीणों ने करीब तीन दशक पहले बस्ती से हटकर मेला टांड में मंडप बनवाया। इस वर्ष भी पूजा समिति ने सर्वसम्मति से आकर्षक साज-सज्जा कराई है और सोमवार दोपहर लगने वाले मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है।



















Total Users : 1279284
Total views : 3153253