दुर्गापुर से गोरखपुर ले जाया जा रहा था लोहे का सामान, चालक और उपचालक गिरफ्तार; ट्रक मालिक की भूमिका की भी जांच
चौपारण(हजारीबाग)। बिहार-झारखंड सीमा स्थित चोरदाहा चेकपोस्ट पर पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 टन लोहे से लदा 14 चक्का ट्रक जब्त किया है। ट्रक में लोहे की एंगल-पट्टी और रॉड लदी हुई थी। मामले में पुलिस ने चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, लोहे का यह सामान पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर की फैक्ट्रियों से चोरी कर बिना वैध दस्तावेज के उत्तर प्रदेश के गोरखपुर ले जाया जा रहा था।
थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि दो नवंबर को वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर चोरदाहा चेकपोस्ट पर अवैध परिवहन और तस्करी की रोकथाम के लिए सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बरही से डोभी की ओर जा रहे सफेद-लाल रंग के 14 चक्का ट्रक संख्या BR 24 GB-1239 को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने चालक से ट्रक में लदे लोहे से संबंधित वैध कागजात की मांग की, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में लोहे की एंगल-पट्टी और रॉड बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान चालक और उपचालक ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि करीब 25 टन लोहा दुर्गापुर की फैक्ट्रियों से चोरी कर खरीदा गया था। इसे तिरपाल से ढककर गोरखपुर ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चालक राहुल कुमार, पिता पंकज यादव, ग्राम मंजूरा, थाना टेटिया तथा उपचालक सतवान कुमार, पिता पिंटू राम, ग्राम मांगणिया, जिला मुंगेर (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस ने ट्रक और उसमें लदे लोहे को जब्त करते हुए चौपारण थाना कांड संख्या 281/26, दिनांक 2 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक मालिक पिंकू राम समेत इस पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। चोरदाहा चेकपोस्ट पर हुई इस कार्रवाई को अवैध परिवहन और चोरी के सामान की आवाजाही के खिलाफ पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।



















Total Users : 1278237
Total views : 3151600