जमा राशि लौटाने की मांग को लेकर अड़े खाताधारी, हंगामे के बीच एक व्यक्ति ने तालाब में लगाई छलांग, ग्रामीणों ने बचाई जान
चौपारण(हजारीबाग)। चौपारण प्रखंड के झापा पंचायत में मंगलवार को पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब बैंक में जमा अपनी राशि वापस करने की मांग को लेकर खाताधारियों ने मतदान प्रक्रिया का विरोध शुरू कर दिया। करीब 20 से 25 खाताधारी मौके पर पहुंचकर अपनी जमा पूंजी लौटाने की मांग पर अड़ गए। विरोध के दौरान आक्रोशित लोगों ने मतदान पेटी ले जाने का प्रयास भी किया। बढ़ते विवाद और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अंततः चुनाव प्रक्रिया रद्द कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह झापा पैक्स में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर मतदान की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान खाताधारी वहां पहुंच गए और अपनी जमा राशि वापस करने की मांग करने लगे। ग्राम नीमा निवासी कृष्णदेव दांगी ने आरोप लगाया कि जब भी खाताधारी अपनी जमा पूंजी निकालने बैंक पहुंचते हैं, तो बैंक बंद मिलता है। ऐसे में चुनाव के दिन बैंक में मतदान की व्यवस्था कैसे हो गई? उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक खाताधारियों को उनकी जमा राशि वापस नहीं मिलती, तब तक चुनाव नहीं होने दिया जाएगा।
मामले की सूचना मिलने पर चौपारण थाना के एएसआई मनोज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी पंकज कुमार से भी मोबाइल फोन पर खाताधारियों की बातचीत कराई गई, लेकिन इसके बावजूद विवाद का कोई समाधान नहीं निकल सका।
इसी बीच चुनाव प्रभारी सह एजीएम भूपनाथ महतो, बीपीओ संतोष कुमार एवं अन्य अधिकारी मतदान पेटी लेकर जाने लगे। इस पर खाताधारियों ने विरोध करते हुए मतदान पेटी को बैंक के अंदर रखने की मांग की। इसी दौरान आक्रोशित कृष्णदेव दांगी ने पास के तालाब में छलांग लगा दी। वह गहरे पानी में डूबने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बाहर निकाल लिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद चुनाव प्रभारी सह एजीएम भूपनाथ महतो ने चुनाव रद्द करने के संबंध में लिखित आवेदन दिया। इसके बाद पैक्स कार्यालय में ताला लगा दिया गया और मतदान प्रक्रिया रोक दी गई।
जमा पूंजी को लेकर उठे गंभीर सवाल
झापा पैक्स में हुई इस घटना के बाद खाताधारियों की जमा राशि को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर खाताधारियों को उनकी जमा पूंजी वापस क्यों नहीं मिल रही है? बैंक की नियमित व्यवस्था कब बहाल होगी और लोगों को उनकी मेहनत की कमाई कब वापस मिलेगी? फिलहाल खाताधारी अपनी राशि के भुगतान की मांग पर अड़े हैं। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।



















Total Users : 1278237
Total views : 3151600