नवरात्रि के सप्तमी की रात चीनोर की ओर से आ रहा धान से भरा ट्रक पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर मंदिर गेट से टकराया; 5 घायलों की हालत गंभीर, 2 पुलिसकर्मी भी घायल; RTO टीम जांच में जुटी
ग्वालियर, 18 अक्टूबर 2026: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। चीनोर की ओर से आ रहे धान से भरे एक अनियंत्रित ट्रक ने मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को कुचल दिया, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 29 लोग घायल हो गए। घायलों में 2 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जो ड्यूटी पर तैनात थे।
जिला प्रशासन के अनुसार, यह घटना रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। नवरात्रि के दौरान शीतला माता मंदिर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी और दर्शन दिन-रात चल रहे थे। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 1:30 बजे धान से भरे एक ट्रक को चेक-पॉइंट पर रोका गया था, लेकिन ट्रक चालक पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर आगे निकल गया। इसके बाद चालक ने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया, ट्रक ढलान से नीचे आया और मंदिर गेट से टकरा गया। इस दौरान ट्रक ने करीब 45 लोगों को चपेट में ले लिया और रास्ते की चार दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। मंडी की दीवार ढहने से कई श्रद्धालु मलबे में दब गए।

अस्पताल में भर्ती और इलाज
सभी घायलों को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल सहित विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जयारोग्य अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना के मुताबिक, ट्रॉमा सेंटर में लाए गए लोगों में 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 5 घायल क्रिटिकल हालत में हैं। वहीं 27 मरीजों को अलग-अलग चोटें आई हैं, जिनकी जांचें लगातार कराई जा रही हैं। मृतकों में अभी 8 लोगों की पहचान हो सकी है। ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान के अनुसार, पहले 13 लोगों की मौत हुई थी, लेकिन दो गंभीर मरीजों ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतक संख्या 15 हो गई।
जांच और प्रशासनिक कार्रवाई
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि ट्रक ऊंची सड़क की ओर से अचानक मंदिर रोड पर आ गया था और बैरिकेडिंग तोड़ते हुए मंदिर तक पहुंचा था। उन्होंने कहा, “नवरात्रि के दौरान उस सड़क पर एक स्टॉपर और एक पुलिस चेक-पॉइंट मौजूद था, इसलिए गाड़ी अंदर कैसे घुस गई, यह जांच का विषय है।” प्रशासन ने ट्रक की मैकेनिकल जांच के लिए RTO टीम भी भेजी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वाहन में क्या खराबी आई और वह बाईं ओर कैसे मुड़ गया। घटना के बाद कलेक्टर, एसपी और तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
सरकारी मुआवजा और राहत
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। सीएम ने घोषणा की है कि राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख, गंभीर घायलों को ₹2-2 लाख और अन्य घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा।
नेताओं की प्रतिक्रिया
ग्वालियर, मध्यप्रदेश में शीतला माता मंदिर के पास एक बेकाबू ट्रक द्वारा हुए भीषण हादसे में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर बेहद दुखद है।
इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। दुख की इस घड़ी में उनके साथ हूं।…
Also Readदुर्गा पूजा पर तीन दिवसीय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन; नाटक और लोक नृत्य ने मोहा मन— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 18, 2026
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा, “इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। दुख की इस घड़ी में उनके साथ हूं।”
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने हादसे के लिए मोहन सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने X पर लिखा, “इंदौर में हुए ऐसे ही हादसे के बाद आपने ठोस कार्रवाई करने के बजाय केवल लीपापोती की। न जवाबदेही तय हुई, न लापरवाही पर लगाम लगी। आज ग्वालियर की दर्दनाक घटना ने एक बार फिर व्यवस्था की पोल खोल दी है।” उन्होंने प्रशासन से घायलों के समुचित उपचार और हादसे की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वे मध्य प्रदेश शासन एवं जिले के प्रभारी मंत्री के निरंतर संपर्क में हैं और राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों एवं घायलों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।





















Total Users : 1236543
Total views : 3090218