दुर्गा मंडप परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ शुभारंभ; रंगमंच को जिंदा रखने में योगदान के लिए रंजीत कुमार राणा और पप्पू कुमार सिंह सम्मानित; आसपास के कई गांवों से उमड़े दर्शक
चतरा (झारखंड), 19 अक्टूबर 2026: चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड के तुलबुल स्थित दुर्गा मंडप परिसर में दुर्गा पूजा महोत्सव के अवसर पर तीन दिवसीय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार देर शाम वैदिक मंत्रोच्चार और माता के जयकारों के बीच किया गया।
फीता काटकर हुआ उद्घाटन

इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि रंजीत कुमार सिंह, सहयोगी अतिथि जिला परिषद उम्मीदवार सिकंदर सिंह खिरवार और तुलबुल दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्यों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। फीता काटने के बाद अतिथियों ने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की।
“दुर्गा पूजा केवल पूजा नहीं, हमारी संस्कृति और एकता का संगम है”
मुख्य अतिथि रंजीत कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दुर्गा पूजा केवल पूजा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, एकता और लोक कलाओं का संगम है। ऐसे सांस्कृतिक मंचों से गांव की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। वहीं सिकंदर सिंह खिरवार ने कहा कि रंगमंच समाज को आईना दिखाने का काम करता है और युवाओं को नशा और गलत संगत से दूर रखता है।
आसपास के गांवों से उमड़े दर्शक
सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने के लिए तुलबुल ही नहीं, बल्कि आसपास के चिल्हिया, करमा, परसोनी, कंदरी, जयपुर कान्हाचट्टी, पिपरा, सहोर, अरमेदग और इटखोरी से भी बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नाटक और लोक नृत्य रहा।
नरेश कुमार पासवान के निर्देशन में प्रस्तुतियां
इस पूरे ड्रामा और सांस्कृतिक कार्यक्रम का निर्देशन शिक्षक, समाजसेवी और युवा निगरानी समिति के निर्देशक नरेश कुमार पासवान के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उनके निर्देशन में स्थानीय कलाकारों ने सामाजिक कुरीतियों, शिक्षा के महत्व, नारी सशक्तिकरण और वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था पर आधारित नाटकों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कलाकारों ने अपनी अभिनय कला से लोगों को भावुक भी किया और हंसाया भी।
कलाकारों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मंच से सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। चिल्हिया रंगमंच के पूर्व डायरेक्टर व युवा समाजसेवी रंजीत कुमार राणा और कलाकार पप्पू कुमार सिंह को पूजा कमेटी के सदस्यों ने अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया। कमेटी ने कहा कि इन दोनों कलाकारों ने क्षेत्र में रंगमंच को जिंदा रखने में अहम भूमिका निभाई है। सम्मान पाकर दोनों कलाकार भावुक दिखे और उन्होंने तुलबुल की जनता का आभार जताया।
मौके पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि प्रदीप कुमार पासवान, अनुभवी डायरेक्टर सुभाष चंद्र पासवान, गांव के मालिक महरू पासवान, महादेव पासवान, केदार यादव, पुजारी टिंकू पासवान, अध्यक्ष पिंटू यादव, सचिव भरोष यादव व कमेटी के सदस्य और गणमान्य लोगों सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
तीन दिन चलेगा कार्यक्रम
पूजा कमेटी ने बताया कि यह कार्यक्रम तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें हर दिन अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है।





















Total Users : 1236543
Total views : 3090218