सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई; पंडालों में सीसीटीवी, खोया-पाया केंद्र और विसर्जन स्थलों पर गोताखोर रखने के निर्देश
चतरा। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व-2026 को लेकर समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति और पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने शांति समिति के सदस्यों से परिचय लेकर बैठक की शुरुआत की। उन्होंने थाना स्तर पर हुई शांति समिति की बैठकों की जानकारी ली और जहां बैठक नहीं हुई है, वहां शीघ्र आयोजित करने का निर्देश दिया। सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के पूजा पंडालों और जुलूस मार्गों का निरीक्षण करने को कहा गया।
उपायुक्त ने कहा कि सभी पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने साफ किया कि विधि-व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल वरीय पदाधिकारियों को देने का निर्देश भी दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी, जिसके लिए मॉनिटरिंग सेल सक्रिय कर निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा जरूरत पड़ने पर ड्रोन से निगरानी पर जोर दिया। पंडालों और जुलूसों में आपत्तिजनक गाने न बजाने का निर्देश भी दिया गया। नियम तोड़ने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
पूजा, विसर्जन और बिजली-पानी की व्यवस्था
दुर्गापूजा के दौरान सभी पंडालों के पास खोया-पाया केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया गया। अवैध शराब के कारोबार पर रोक के लिए व्यापक जांच और छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया।
विद्युत विभाग को सभी पंडालों का निरीक्षण कर खुले और ढीले तारों की मरम्मत, विद्युत सुरक्षा और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर परिषद को साफ-सफाई, कूड़ा उठाव, नालियों की सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश मिला। पेयजल विभाग को जरूरत के अनुसार वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

मूर्ति विसर्जन को लेकर सभी विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की उपलब्धता पर जोर दिया गया। सभी प्रखंडों में नियंत्रण कक्ष संचालित करने और सर्पदंश की आशंका को देखते हुए प्रखंड अस्पतालों में एंटी-वेनम दवा उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया।
दीपावली और छठ की तैयारी
दीपावली को लेकर अधिकारियों को पटाखा बिक्री स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का जायजा लेने और विक्रेताओं के लाइसेंस की जांच करने को कहा गया। छठ पर्व के लिए सभी घाटों की साफ-सफाई, तालाबों और घाटों पर बैरिकेडिंग तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने पदाधिकारियों और शांति समिति के सदस्यों से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, सिमरिया अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार महतो, चतरा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
























Total Users : 1228740
Total views : 3079405