Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

सड़क-बिजली को तरसते गुबे गांव के 50-60 ग्रामीण पहुंचे चतरा, विधायक और उपायुक्त से लगाई गुहार

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

शिलान्यास के बाद भी नहीं बनी 6 किमी सड़क; विधायक ने दिया आश्वासन, डीएफओ से एनओसी की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का किया आग्रह

चतरा। हंटरगंज प्रखंड की जोलडीहा पंचायत के गुबे गांव के ग्रामीण आज भी सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। इन्हीं समस्याओं को लेकर मंगलवार को करीब 50-60 ग्रामीण चतरा पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जताते हुए सांसद और विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद ग्रामीण चतरा विधायक जनार्दन पासवान से मिले और अपनी समस्याएं रखीं। फिर वे उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और गांव की बदहाली दूर करने की गुहार लगाई।

ग्रामीणों के आवेदन के अनुसार गुबे गांव से मुख्य सड़क तक करीब 6 किलोमीटर सड़क निर्माण का शिलान्यास 24 सितंबर 2024 को तत्कालीन मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने किया था, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ। आवेदन में बताया गया है कि गांव में करीब 50 आदिवासी परिवार रहते हैं और लगभग 500 ग्रामीण इस समस्या से प्रभावित हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने से बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने में भारी परेशानी होती है। प्रसव के समय गर्भवती महिलाओं को ममता वाहन जैसी सुविधाओं का लाभ लेने में भी दिक्कत आती है। बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार विधायक निधि से गांव में बोरिंग कराई गई है, लेकिन सड़क के अभाव में उससे जुड़े काम कराने में भी कठिनाई आती है। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर रास्ता तैयार कर वाहन बुलाने और बोरिंग का काम कराने की कोशिश की।

ग्रामीणों की बात सुनने के बाद विधायक जनार्दन पासवान ने सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों के सामने ही डीएफओ से फोन पर बात कर सड़क निर्माण के लिए जरूरी एनओसी की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आग्रह किया। ग्रामीणों ने उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को भी अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों की मांग है कि उन्हें अब सिर्फ आश्वासन नहीं, जमीन पर काम चाहिए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment