Homeबिहारझारखंडदेश-विदेशमनोरंजनखेलकूदक्राइमशिक्षाराजनीतिस्वास्थराशिफल
---Advertisement---

महिला से कथित दुर्व्यवहार का मामला, थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मामले ने पकड़ा तूल, महिला ने मारपीट और रुपये ले जाने का लगाया आरोप

लातेहार (झारखंड)। जिले के बारियातू थाना क्षेत्र में एक आदिवासी महिला के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़िता पुनिया देवी ने थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, चालक चंद्रदेव ठाकुर और अन्य पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी और चालक समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, जांच के निर्देश

झारखंड जनाधिकार महासभा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला उठाया था। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लातेहार पुलिस को तत्काल संज्ञान लेने, जांच करने और उचित कार्रवाई की जानकारी देने का निर्देश दिया।

बकरी चराने के दौरान मारपीट का आरोप

महिला ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि 5 अक्टूबर को वह गांव के समीप बकरी चरा रही थी। इसी दौरान बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, मुंशी मनीष और चालक चंद्रदेव ठाकुर वहां पहुंचे। महिला के अनुसार, उसे पोस्ता के कारोबार से जुड़ा बताकर गाली-गलौज की गई और उसके साथ मारपीट की गई।

शिकायत में महिला ने अनुचित तरीके से छूने, जंगल में रोके रखने और उसके दोनों पैर बांधकर पेड़ से लटकाने का भी आरोप लगाया है। उसने यह भी दावा किया कि बेटी की शादी के लिए घर में रखे 80 हजार रुपये ले लिए गए। महिला के मुताबिक, इस दौरान पोस्ता कारोबार में संलिप्तता स्वीकार करने संबंधी वीडियो भी बनाया गया।

अफीम बरामदगी के लिए छापेमारी की बात

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को बगनदी महुआ के पास अफीम बरामदगी के लिए छापेमारी की गई थी। इसी कार्रवाई से जुड़े घटनाक्रम को लेकर महिला ने शिकायत दर्ज कराई है। झारखंड जनाधिकार महासभा ने भी महिला के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप उठाए हैं। इन आरोपों की जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी ने आरोपों को बताया निराधार

बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने आरोपों को निराधार बताया था। वहीं, लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कहा कि महिला का आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस की ओर से तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, चालक चंद्रदेव ठाकुर समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच के निष्कर्षों के बाद ही हो सकेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

Leave a Comment