Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

मुरही के बोरों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी 950 लीटर अवैध शराब, पिकअप जब्त

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 110 पेटियों में 5,280 बोतलें बरामद; पुलिस को देख चालक और सहचालक फरार

प्रतापपुर (चतरा)। मुरही के बोरों की आड़ में अवैध शराब की बड़ी खेप ठिकाने लगाने की कोशिश प्रतापपुर पुलिस की सतर्कता के आगे नाकाम हो गई। चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगियारा गांव के समीप जोरी-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर पुलिस ने एक महिंद्रा बोलेरो मैक्सी ट्रक पिकअप से 950.40 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन एक भैंस को धक्का मारकर तेज रफ्तार में भाग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने तत्परता दिखाई और वाहन को रोक लिया। पुलिस को देखते ही वाहन का चालक और सहचालक मौके से फरार हो गए।

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस भी चौंक गई। पिकअप के डाले में मुरही के बोरों के नीचे बड़ी चालाकी से शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं, ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस के अनुसार बरामद शराब में ऑफिसर्स चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की की 48 पेटियां शामिल हैं, जिनमें 2,304 बोतलें (414.72 लीटर) थीं। इसके अलावा ब्लू स्ट्रोक एक्सक्विजिट व्हिस्की की 62 पेटियों में 2,976 बोतलें (535.68 लीटर) मिलीं। कुल मिलाकर 110 पेटियों में 5,280 बोतलें जब्त की गईं, जिनकी कुल मात्रा 950.40 लीटर है।

पुलिस ने बरामद शराब और पिकअप वाहन दोनों को जब्त कर लिया है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर इतनी बड़ी खेप पकड़ना प्रतापपुर पुलिस की सक्रियता और सतर्कता को दर्शाता है।

थाना प्रभारी आलोक चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि वाहन के अज्ञात मालिक, चालक और सहचालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश और शराब की खेप के स्रोत व गंतव्य का पता लगाने का प्रयास जारी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment