पोषण वाटिका व घेराबंदी पर सवाल उठे तो भड़के शिक्षक, बोले- राशि दिए बिना काम की अपेक्षा अनुचित; बीडीओ-बीईईओ रहे अनुपस्थित
गिद्धौर (चतरा)। स्कूलों की व्यवस्था की पड़ताल के लिए आयोजित जनसुनवाई में सवाल-जवाब के बीच शिक्षकों की पीड़ा भी खुलकर सामने आई। गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत बलबल स्थित बीआरसी परिसर में प्रखंड स्तरीय सामाजिक अंकेक्षण सह जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रखंड के 45 विद्यालयों की बारी-बारी से समीक्षा की गई। पोषण वाटिका और परिसर की घेराबंदी को लेकर सवाल उठने पर शिक्षकों ने नाराजगी जताई और कहा कि बिना राशि के इन कार्यों को पूरा कराना उचित नहीं है। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में बीईईओ और बीडीओ मौजूद नहीं थे।
कार्यक्रम की शुरुआत संविधान की शपथ के साथ की गई। इसके बाद प्रखंड के कुल 45 विद्यालयों का बारी-बारी से सामाजिक अंकेक्षण और जनसुनवाई की प्रक्रिया पूरी की गई। कार्यक्रम में प्रमुख अनिता यादव, बीपीओ नीरज कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। हालांकि, कार्यक्रम में बीईईओ और बीडीओ की अनुपस्थिति रही।
जनसुनवाई के दौरान पांच विद्यालयों के विद्यालय प्रबंधन और मध्याह्न भोजन योजना से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। वहीं शेष विद्यालयों में दोनों में से किसी एक विषय को लेकर जनसुनवाई हुई। इस दौरान अंकेक्षण दल ने विभिन्न विद्यालयों में संचालित योजनाओं, विद्यालय परिसर की स्थिति और पोषण वाटिका सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
विद्यालय परिसर और पोषण वाटिका की घेराबंदी से संबंधित सवाल उठाए जाने पर उपस्थित शिक्षकों ने नाराजगी जाहिर की। शिक्षकों का कहना था कि विद्यालयों में पोषण वाटिका तैयार करने, परिसर की घेराबंदी कराने और अन्य कार्यों को पूरा करने के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उनका कहना था कि राशि के अभाव में शिक्षकों से इन कार्यों को पूरा करने की अपेक्षा करना उचित नहीं है।
शिक्षकों ने यह भी कहा कि सामाजिक अंकेक्षण से जुड़े कागजात तैयार करने और आवश्यक तस्वीरें उपलब्ध कराने में भी उन्हें अपनी जेब से खर्च करना पड़ रहा है। इससे विद्यालयों में अतिरिक्त कार्यों का बोझ बढ़ रहा है। शिक्षकों ने संबंधित कार्यों के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया। कार्यक्रम में जनसुनवाई के जूरी सदस्य सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित थे।



















Total Users : 1223172
Total views : 3071703