नवजात के अचानक गायब होने पर ग्रामीणों को हुआ शक, मुंडा की अगुवाई में बुलाई गई विशेष ग्रामसभा; आक्रोशित ग्रामीणों ने महिला को गांव से निकाला, पुलिस जांच में जुटी
चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र स्थित अंधारी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि एक महिला ने अपने महज एक सप्ताह के नवजात शिशु की गला दबाकर हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव को गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर एक दलदली इलाके में दफना दिया।
22 सितंबर को हुआ था जन्म, 26 को हत्या का आरोप

स्थानीय जानकारी के अनुसार, अंधारी गांव की रहने वाली इस महिला ने 22 सितंबर को बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि जन्म के चार दिन बाद, यानी 26 सितंबर की सुबह, महिला ने नवजात की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह शव को पुटीसाल नामक एक सुनसान और दलदली जगह पर ले गई, जहां गड्ढा खोदकर उसे दफना दिया। घटना के बाद महिला गांव छोड़कर कहीं चली गई थी।
बच्चे के गायब होने पर ग्रामीणों को हुआ शक
घर से नवजात के अचानक गायब हो जाने पर ग्रामीणों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। कुछ लोगों को यह भी शक हुआ कि कहीं बच्चे को बेच तो नहीं दिया गया। सच्चाई जानने के लिए सोमवार को गांव के मुंडा विजय हेम्ब्रम की अगुवाई में एक विशेष ग्रामसभा बुलाई गई।
ग्रामसभा में पूछताछ के बाद कबूला जुर्म
ग्रामीणों के अनुसार, कड़ी पूछताछ के दौरान महिला टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी बात बता दी। इसके बाद ग्रामीण महिला को साथ लेकर पुटीसाल के दलदली क्षेत्र पहुंचे। महिला के बताए स्थान पर खुदाई करने पर नवजात का शव बरामद हुआ।
आक्रोश में ग्रामीणों ने उठाया कदम

इस दर्दनाक दृश्य को देखकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने शव को वहीं दोबारा दफना दिया और आरोपी महिला, उसके तीन साल के बेटे तथा उसकी मां को गांव से बाहर निकाल दिया।
थाना प्रभारी पहुंचे मौके पर, लिखित शिकायत नहीं
घटना की सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि अब तक परिजनों या ग्रामीणों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान




















Total Users : 1218804
Total views : 3065686