फसलों को रौंद रहा झुंड, ग्रामीणों में दहशत; पुलिस और वन विभाग ने खदेड़ा, टली बड़ी घटना
संवाददाता | न्यूज स्केल लाइव
गुमला/लातेहार। गुमला जिले के पालकोट प्रखंड अंतर्गत बिलिंगबीरा पंचायत स्थित सनईडीह गांव के जंगलों में 17 जंगली हाथियों का झुंड पहुंच गया है। वन विभाग की टीम मौके पर जुटी है।
सिमडेगा जिले में उत्पात मचाने के बाद यह झुंड सोमवार को पालकोट प्रखंड पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में दहशत है। लोगों को धान, मक्का, बादाम, उड़द और केले की फसलों के साथ-साथ घरों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। फिलहाल झुंड खेतों में लगी धान की फसलों को रौंदते हुए क्षेत्र में भ्रमणशील है। झुंड में मादा हाथियों के अलावा करीब आधा दर्जन से अधिक छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
डीएफओ बेलाल अहमद ने कहा कि हाथियों के झुंड पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि उन्हें सुरक्षित इलाके की ओर ले जाया जा सके। ग्रामीणों को अलर्ट किया गया है और उनसे हाथियों से दूरी बनाए रखने तथा छेड़छाड़ न करने की अपील की गई है।
वनपाल कृष्णा महतो ने भी ग्रामीणों से सावधान और सजग रहने तथा बेवजह जंगलों में न जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हाथियों के साथ छेड़छाड़ करने से वे आक्रोशित होकर क्षति पहुंचाना शुरू कर देते हैं। उन्होंने प्रखंड क्षेत्र की जनता से सतर्क रहने और कहीं भी हाथी दिखने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करने का आग्रह किया।
लातेहार: बालूमाथ के बसिया गांव में देर रात घुसे 15-20 हाथी
बालूमाथ (लातेहार)। लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र के बसिया गांव में देर रात करीब 15 से 20 जंगली हाथियों का झुंड पहुंच गया। हाथियों के गांव में घुसने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस और वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से सावधानीपूर्वक हाथियों के झुंड को गांव से बाहर निकालकर जंगल की ओर खदेड़ा।

पुलिस और वन विभाग की तत्परता से हाथियों को समय रहते आबादी वाले क्षेत्र से दूर कर दिया गया, जिससे किसी बड़ी घटना की स्थिति नहीं बनी। हाथियों के जंगल की ओर लौटने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। मौके पर एसआइ गौतम कुमार, देवेंद्र सिंह समेत पुलिस बल के जवान मौजूद थे।
न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान





















Total Users : 1206700
Total views : 3049399