कॉलोनी में दिनदहाड़े सनसनी, तेजधार हथियार से वारदात की आशंका
पंजाब के बटाला शहर की अलीवाल रोड पर स्थित फ्रेंड कॉलोनी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किराये के घर से मां और बेटी के शव बरामद हुए। मृतकाओं की शिनाख्त बबली और उसकी छोटी बेटी तमन्ना के तौर पर हुई है। परिवार वालों ने बबली के पति जसविंदर मसीह पर दोनों की तेजधार हथियार से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
बबली के भाई विजय के मुताबिक, जसविंदर मूल रूप से गांव कैरोवाल का निवासी था और पिछले कुछ समय से परिवार समेत फ्रेंड कॉलोनी के किराये के मकान में रह रहा था। घरवालों का दावा है कि दंपति के बीच काफी समय से घरेलू कलह चल रही थी।
जब घर से लंबे समय तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजन मौके पर पहुंचे और अंदर जाकर देखा तो मां-बेटी के शव पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सिविल लाइन की पुलिस और 112 इमरजेंसी टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और छानबीन में जुट गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करवा दी है। इसके साथ ही घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस टीम परिजनों समेत आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे असली वजह और आरोपी की भूमिका की पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी।
बता दें कि इससे पहले पंजाब के अमृतसर जिले में ASI हरजीत सिंह की हत्या का मामला भी सुर्खियों में रहा था। गश्त के दौरान बाइक पर मौजूद रहते हुए उन्हें अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी। यह घटना करीब 18 सितंबर के आसपास सामने आई थी, जब वह गेट हकीमा क्षेत्र में तैनात थे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस घटना पर सोशल मीडिया मंच X के जरिए संवेदना जताते हुए मुआवजे की घोषणा की थी और शहीद एएसआई की बहादुरी व कर्तव्यनिष्ठा को याद किया था।
इसके अलावा, पंजाब के सीमावर्ती जिले फिरोजपुर में भी आम आदमी पार्टी से जुड़े एक स्थानीय नेता की हत्या का मामला सामने आया था, जिनकी पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई थी।
न्यूज स्केल लाइव | विश्वसनीय खबरें, हर पल























Total Users : 1203516
Total views : 3044758