वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर सुंदरी देवी सरस्वती शिशु मंदिर के नेतृत्व में गूँजा लोहरदगा
‘नमामि भारतम्’ सामूहिक गायन में हजारों लोगों ने एक स्वर में गाया राष्ट्रगीत
लोहरदगा। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को सुंदरी देवी सरस्वती शिशु मंदिर, लोहरदगा के तत्वावधान में ‘नमामि भारतम्’ वंदे मातरम् सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोहरदगा शहर के विभिन्न विद्यालयों, प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ सामूहिक गायन हुआ। बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरी देवी सरस्वती शिशु मंदिर परिसर से हुई। यहां विद्यालय के भैया-बहनों ने अपने अभिभावकों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मुख्य परिसर में कुल 663 लोगों ने सामूहिक गायन में भाग लिया। निर्धारित समय पर जब सभी ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया तो पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा।
शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं प्रमुख स्थलों पर भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रेटर त्रिवेणी स्कूल में सर्वाधिक 1080 बच्चों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन किया। वहीं चुन्नीलाल हाई स्कूल में 375 विद्यार्थियों, मां दमयंती देवी विद्यालय में 345 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों तथा दुर्गा मंदिर, बरवाटोली चौक में स्थानीय नागरिकों और बच्चों समेत 290 लोगों ने सहभागिता की।
सामूहिक गायन के दौरान बच्चों, युवाओं, मातृशक्ति और शहर के नागरिकों की भागीदारी से लोहरदगा का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा। अलग-अलग स्थानों पर एक साथ गूंजते ‘वंदे मातरम्’ के स्वर ने कार्यक्रम को विशेष स्वरूप प्रदान किया।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व, राष्ट्र के प्रति श्रद्धा और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना रहा। आयोजन के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता आंदोलन में वंदे मातरम् की ऐतिहासिक भूमिका तथा इसके माध्यम से व्यक्त होने वाली मातृभूमि के प्रति श्रद्धा से भी परिचित कराया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार, विभिन्न शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों, नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। आयोजन के दौरान लोहरदगा के मीडिया कर्मियों और पत्रकारों ने भी विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचकर सामूहिक गायन को कवर किया।
सुंदरी देवी सरस्वती शिशु मंदिर के तत्वावधान में आयोजित ‘नमामि भारतम्’ वंदे मातरम् सामूहिक गायन का यह आयोजन लोहरदगा में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त करने वाला प्रमुख कार्यक्रम रहा।




















Total Users : 1201708
Total views : 3042347