नारकोटिक्स विभाग का स्टाफ बताकर की थी लूट, काले रंग की थार और 70 हजार रुपये बरामद
चतरा। जिले में हुई 31 लाख 90 हजार रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि 7 सितंबर 2026 को वादी ललन कुमार, पिता आदित्य दांगी, ग्राम बरवाडीह, थाना पत्थलगड़ा, जिला चतरा को अज्ञात अपराधकर्मियों ने खुद को नारकोटिक्स विभाग का स्टाफ बताकर धोखाधड़ी के माध्यम से 31 लाख 90 हजार रुपये लूट लिए थे। वादी के लिखित आवेदन के आधार पर वशिष्ठनगर थाना में कांड संख्या 131/2026, दिनांक 7 सितंबर 2026 दर्ज किया गया।
तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना से गिरफ्तारी
कांड की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनीमेष नैथानी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस के अनुसार, अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कटैया जंगल से रंगु कुमार और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, दोनों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए कंगुरुवा जंगल, थाना जोरी से प्रिंस कुमार यादव, अविनाश कुमार और बजरंगी कुमार उर्फ रंगा को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से लूट में इस्तेमाल की गई काले रंग की थार गाड़ी, रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच-02बीके-0166 बरामद की गई। इसके अलावा रंगु कुमार के पास से 30 हजार रुपये, अभिषेक कुमार के पास से 20 हजार रुपये तथा प्रिंस कुमार के पास से 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। तीनों के पास से कुल 70 हजार रुपये बरामद हुए।
गया और हजारीबाग के रहने वाले हैं गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में रंगु कुमार, पिता दिनेश यादव, ग्राम महुगाई, थाना धनगाई, जिला गया (बिहार); अभिषेक कुमार, पिता केशर यादव, ग्राम सोखिया, थाना धनगाई, जिला गया (बिहार); प्रिंस कुमार यादव, पिता सहदेव यादव, ग्राम पिपराही, थाना बाराचट्टी, जिला गया (बिहार); अविनाश कुमार, पिता सुनील कुमार, ग्राम केदली कला, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग तथा बजरंगी कुमार उर्फ रंगा, पिता स्व. ब्यास यादव, ग्राम एवं थाना चौपारण, जिला हजारीबाग शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से कुछ के विरुद्ध पूर्व से हत्या समेत अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता की जानकारी भी सामने आई है। सभी पांचों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
छापेमारी दल में पु.अ.नि. अमित कुमार सिंह, थाना प्रभारी जोरी; पु.अ.नि. आलोक रंजन, थाना प्रभारी प्रतापपुर; पु.अ.नि. अभिषेक कुमार, थाना प्रभारी इटखोरी; पु.अ.नि. शिवा यादव; आरक्षी वीरेंद्र यादव, तकनीकी शाखा तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।





















Total Users : 1201634
Total views : 3042262