सीआईडी के निर्देश पर स्थानीय पुलिस की कार्रवाई, परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर पूछताछ जारी
चतरा। जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में चतरा जिले के पत्थलगड़ा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (बीएसओ) तेजनारायण पंडित को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि सीआईडी के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। परीक्षा में कथित अनियमितता के मामले में कुछ दिन पूर्व तेजनारायण पंडित का नाम सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिये गये बीएसओ से जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस अथवा संबंधित अधिकारियों की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही तेजनारायण पंडित की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सीजीएल विवाद के बीच तेज हुई जांच
गौरतलब है कि जेपीएससी और जेएसएससी की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के विरोध में रांची में अभ्यर्थियों का आंदोलन चल रहा है। इसी बीच जेएसएससी-सीजीएल मामले में पत्थलगड़ा बीएसओ को हिरासत में लिये जाने की खबर से प्रशासनिक महकमे और प्रतियोगी परीक्षा से जुड़े अभ्यर्थियों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
वहीं, सोमवार देर शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जेएसएससी-सीजीएल समेत टीडीपीएल एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की जांच और भर्ती परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की भी बात कही है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की पूछताछ और जांच के बाद ही आगे की तस्वीर साफ होगी।






















Total Users : 1127703
Total views : 2949200