सड़क हादसों और मौतों के विरोध में सर्वदलीय संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन धरना, हजारीबाग के कोयले की सिमरिया मार्ग से ढुलाई रोकने की मांग
सिमरिया (चतरा)। कोल ट्रांसपोर्टिंग से लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और मौतों के विरोध में रविवार से सिमरिया के सुभाष चौक पर सर्वदलीय “हाइवा चतरा छोड़ो” आंदोलन शुरू हो गया। सर्वदलीय संघर्ष समिति के नेतृत्व में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। आंदोलन के समर्थन में क्षेत्र में कोयला और फ्लाई ऐश की ढुलाई भी अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गई है।
धरने में वक्ताओं ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों से क्षेत्र में लगातार भारी वाहनों से कोयले की ढुलाई हो रही है। इस दौरान कई लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में जान जा चुकी है। इसके बावजूद हादसों में मृतकों के आश्रितों को क्षतिपूर्ति देने के लिए कोई स्थायी नीति नहीं बनाई गई है। हर दुर्घटना के बाद पीड़ित परिवारों को मुआवजे के लिए आंदोलन करना पड़ता है।
वक्ताओं ने कहा कि चतरा जिले की ग्रामीण सड़कें भारी वाहनों के लगातार दबाव को झेलने की स्थिति में नहीं हैं। इसके बावजूद हजारीबाग जिले के पकरी बरवाडीह, जोरदाग, चट्टीबरियातू समेत अन्य कोयला खदानों से कोयले की ढुलाई सिमरिया मार्ग से की जा रही है। आंदोलनकारियों ने हजारीबाग जिले के कोयले की सिमरिया मार्ग से ढुलाई तत्काल बंद करने की मांग की।
धरने में झामुमो केंद्रीय सदस्य मनोज कुमार चंद्रा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य चंद्रदेव गोप, झामुमो जिला सचिव चंद्रदेव साहू, आप जिलाध्यक्ष शत्रुध्न प्रसाद, राजद नेता वीरेंद्र यादव, कांग्रेस नेता कामाख्या नारायण सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















Total Users : 1117012
Total views : 2934949