पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, पीड़िता के माता-पिता की गिरफ्तारी और आरोपी की मौत मामले में निष्पक्ष जांच की मांग
टंडवा (चतरा)। टंडवा प्रखंड क्षेत्र में नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी रविवार को टंडवा के बड़गांव पंचायत पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों एवं पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
पत्रकारों से बातचीत में बाबूलाल मरांडी ने पुलिस कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए स्थानीय थाना की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा 3 अगस्त को नाबालिग के अपहरण की सूचना थाना में दिए जाने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि यदि पुलिस ने तत्परता दिखाई होती तो आरोपी को समय रहते गिरफ्तार किया जा सकता था और बाद में उत्पन्न जनाक्रोश को भी रोका जा सकता था।
उन्होंने भीड़ की पिटाई से दुष्कर्म के आरोपी मो. इमरोज की मौत के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताया। मरांडी ने कहा कि दुष्कर्म पीड़िता को बाल सुधार गृह भेजे जाने और उसके माता-पिता को जेल भेजे जाने पर भी गंभीर सवाल उठते हैं, जबकि नाबालिग के अपहरण एवं दुष्कर्म में कथित रूप से शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी पुलिस से जवाब मांगा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आरोपी की मौत के बाद बड़ी संख्या में लोगों को नामजद एवं अज्ञात आरोपी बनाया गया है। पुलिस को निष्पक्ष जांच करते हुए निर्दोष लोगों को परेशान करने से बचना चाहिए। साथ ही उन्होंने नाबालिग पीड़िता को न्याय और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
मरांडी ने कहा कि मामले में सामने आ रहे विभिन्न तथ्यों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी ने अपराधी को संरक्षण दिया है तो उसकी भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग करेगी।
मौके पर चतरा सांसद कालीचरण सिंह, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल दास, पूर्व विधायक किशुन दास, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता समेत कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।





















Total Users : 1117040
Total views : 2934979