भू-अर्जन, मुआवजा, मंईयां सम्मान योजना, पेंशन और आवास से जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश; एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब
न्यूज स्केल संवाददाता
देवघर। जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन, मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन, आवास, राशन कार्ड और राजस्व से जुड़े मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने फरियादियों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि प्राप्त सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं राशन कार्ड में नाम जोड़ने, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन तथा राजस्व से जुड़े कई मामलों का संबंधित विभागों द्वारा ऑन-द-स्पॉट निस्तारण भी किया गया।
इस दौरान उपायुक्त ने अंचल स्तर पर लंबित मामलों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों एवं राजस्व उप-निरीक्षकों को निर्देश दिया कि अंचल कार्यालयों से संबंधित सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी जवाबदेही के साथ कार्य करें।
जनता दरबार में प्राप्त विभिन्न विभागों से संबंधित अन्य शिकायतों पर भी उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को भौतिक सत्यापन कर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी विभागों को एक सप्ताह के भीतर शिकायतों के निष्पादन की प्रतिपुष्टि (फीडबैक रिपोर्ट) उपायुक्त कार्यालय में उपलब्ध कराने का आदेश दिया, ताकि शिकायतों की प्रगति की नियमित निगरानी की जा सके। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई हो।





















Total Users : 1142158
Total views : 2968971