Homeबिहारझारखंडदेश-विदेशमनोरंजनखेलक्राइमशिक्षाराजनीतिहेल्थराशिफल
---Advertisement---

माध्यमिक आचार्य नियुक्ति पर भी उठे सवाल, प्रमाणपत्रों की होगी गहन जांच

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

एक ही निजी विश्वविद्यालय, समान सत्र और समान अंक वाले अभ्यर्थियों को लेकर शिकायत; जांच पूरी होने तक नियुक्ति पत्र पर रोक

रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के माध्यम से माध्यमिक आचार्य के पदों पर हुई नियुक्ति की अनुशंसा के बाद अब प्रमाणपत्रों की प्रामाणिकता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कई अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों और शैक्षणिक योग्यता से संबंधित शिकायतें स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को मिली हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने सभी विषयों के अनुशंसित अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की गहराई से जांच कराने का निर्णय लिया है।

विभागीय सचिव उमाशंकर सिंह ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद को सभी विषयों के अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की विस्तृत जांच कराने का निर्देश दिया है। विभाग का कहना है कि जांच में पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

नियुक्ति पत्र की तैयारी के बीच सामने आई शिकायतें

जेएसएससी से माध्यमिक आचार्य के विभिन्न विषयों में नियुक्ति की अनुशंसा मिलने के बाद विभाग की ओर से अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह की तैयारी भी चल रही थी। इसी बीच कुछ अभ्यर्थियों के संबंध में शिकायतें मिलने के बाद विभाग ने अब प्रमाणपत्रों की दोबारा गहन जांच कराने का फैसला किया है। ऐसे में जांच पूरी होने और प्रमाणपत्रों की प्रामाणिकता पर संतुष्ट होने के बाद ही नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे।

एक ही विश्वविद्यालय और सत्र को लेकर शिकायत

सूत्रों के अनुसार, माध्यमिक आचार्य पदों पर नियुक्ति के लिए अनुशंसित कई अभ्यर्थियों ने एक ही निजी विश्वविद्यालय से डिग्री हासिल की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ अभ्यर्थी एक ही शैक्षणिक सत्र और एक ही विषय से उत्तीर्ण हुए हैं तथा उनके प्राप्तांक भी समान या लगभग समान हैं। इन तथ्यों को लेकर विभाग को लिखित शिकायत मिली है। अब जांच के दौरान संबंधित विश्वविद्यालय, शैक्षणिक सत्र, विषय, प्रमाणपत्र और प्राप्तांकों सहित तमाम पहलुओं की जांच की जाएगी।

20 विषयों में 778 पदों के लिए अनुशंसा

माध्यमिक विद्यालयों में माध्यमिक आचार्य के पदों पर नियुक्ति के लिए जेएसएससी की ओर से 20 विषयों में कुल 778 पदों पर अभ्यर्थियों की अनुशंसा विभाग को भेजी गई है। इनमें समाजशास्त्र में 128, मनोविज्ञान में 39, मानवशास्त्र में 15, दर्शनशास्त्र में 13, गृह विज्ञान में 52, भूगर्भशास्त्र में 24 और अप्लायड इंग्लिश में 44 अभ्यर्थियों की अनुशंसा शामिल है।

वहीं राजनीति शास्त्र में 190 और विशेष शिक्षा में 70 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा की गई है।

इसके अलावा संताली में 55, हो में 15, कुरमाली में 8, कुडुख में 16, मुंडारी में 11, उड़िया में 2, पंचपरगनिया में 10, बंगला में 12, खोरठा में 17, नागपुरी में 18 और उर्दू में 39 अभ्यर्थियों की अनुशंसा की गई है।

बताया गया है कि माध्यमिक आचार्य परीक्षा के माध्यम से कुल 1,373 पदों पर नियुक्ति की जानी है। फिलहाल प्रमाणपत्रों को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद विभाग ने जांच को प्राथमिकता दी है। जांच के बाद ही नियुक्ति पत्र वितरण पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment